डेनमार्क के प्रिंस-प्रिंसेज का आगरा दौरा:गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल पहुंचे, देखिये तस्वीर में

 डेनमार्क के प्रिंस-प्रिंसेज का आगरा दौरा:गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल पहुंचे, देखिये तस्वीर में
Last Updated: 08 अप्रैल 2023

डेनमार्क के प्रिंस फेडरिक आंद्रे हेनरिक और प्रिंसेस मेरी एलिजाबेथ रविवार को आगरा पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वे होटल अमर विलास पहुंचे। यहां पर थोड़ी देर तक उन्होंने आराम किया। उसके बाद ताजमहल और आगरा किला देखने पहुंचे।

इस दौरान उनके साथ स्थानीय गाइड नितिन भी थे। उन्होंने ताजमहल और आगरा किले की खासियत के बारे में उन्हें बताया। इस दौरान उन्होंने फोटोशूट भी कराया। शहर में वे 5 घंटे तक रहे। इसके बाद विशेष विमान से सवा 3 बजे दिल्ली रवाना हो गए।

 

प्यार की निशानी का किया दीदार
प्रिंस फेडरिक और प्रिंसेस मेरी एलिजाबेथ ​​​​​रविवार सुबह 10.10 बजे विशेष विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर उतरे। यहां पर मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा, डीएम नवनीत सिंह चहल और पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रितेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया। उनके मेहमान नवाजी के लिए यहां पर फोक डांस हुआ। इसके बाद वे 10:30 बजे सीधे होटल अमर विलास पहुंचे। यहां पर वे करीब 10 मिनट रुके उसके बाद गोल्फ कार्ट में बैठकर 10:40 बजे ताजमहल पहुंचे। वे करीब सवा घंटे तक ताजमहल में रुके। ताजमहल के बारे में गाइड नितिन ने जानकारी दी।

प्रिंस फेडरिक और प्रिंसेस मेरी एलिजाबेथ

प्रिंस फेडरिक और प्रिंसेस मेरी एलिजाबेथ ने कराया फोटोशूट

प्रिंस फेडरिक और प्रिंसेस मेरी एलिजाबेथ ने यहां पर फोटो शूट भी कराया। इसके बाद सवा 12 बजे वे वापस होटल पहुंचे। वहां पर लंच किया। उसके बाद 1 बजकर 50 मिनट पर वे आगरा किला देखने पहुंचे। करीब 35 मिनट तक वे किले में रहे। उन्होंने किले की खूबसूरती की तारीफ की। उसके बाद करीब 2:30 बजे वे किले से होटल पहुंचे। यहां से वे खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। रविवार को पर्यटकों के लिए ताजमहल का ईस्ट गेट 2 घंटे के लिए बंद रखा गया था।

ताजमहल और आगरा किला बंद नहीं हुआ
रविवार को पर्यटकों के लिए ताजमहल खुला रहा। सुरक्षा कारण से ईस्ट गेट से सुबह 10.30 से 12.30 बजे तक सिर्फ 2 घंटे एंट्री और एग्जिट बंद किया गया। इसी तरह आगरा किला भी पर्यटकों के लिए खुला रहा। दोपहर में 1 से 2 बजे के बीच सिर्फ 1 घंटे के लिए पर्यटकों का प्रवेश और निकास बंद रहा।

 

भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि डेनमार्क के प्रिंस और प्रिंसेस के लिए ताजमहल और आगरा किला बंद करने के लिए कोई आदेश नहीं आया था।

Leave a comment