AAP के 'ऑपरेशन लोटस' के आरोप पर BJP का पलटवार, LG से की शिकायत, जानिए पूरा मामला 

🎧 Listen in Audio
0:00

भाजपा ने आप नेताओं पर उम्मीदवारों को प्रलोभन देने का आरोप लगाकर उपराज्यपाल से शिकायत की। LG के आदेश पर ACB ने जांच शुरू की और टीम आप नेताओं के घर पहुंच रही है।

Delhi News: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है। आप नेताओं द्वारा बीजेपी पर अपने प्रत्याशियों को खरीदने के आरोपों के बाद, भाजपा ने इसे झूठा करार देते हुए उपराज्यपाल (LG) से शिकायत की। इसके बाद एलजी ने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

BJP ने AAP नेताओं के खिलाफ की शिकायत

भाजपा प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और सांसद संजय सिंह के खिलाफ उपराज्यपाल से शिकायत की। उन्होंने मांग की कि इन नेताओं के आरोपों की जांच एसीबी या किसी अन्य एजेंसी से कराई जाए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। भाजपा का कहना है कि यह आरोप बेबुनियाद और राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं।

BJP पर खरीद-फरोख्त का आरोप- संजय 

AAP सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर बड़ा दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आम आदमी पार्टी के सात प्रत्याशियों को 15-15 करोड़ रुपये का लालच देकर खरीदने की कोशिश कर रही है। संजय सिंह ने कहा,

"बीजेपी चुनाव हार रही है, इसलिए उसने 'ऑपरेशन लोटस' को फिर से सक्रिय कर दिया है।"

BJP का जवाब – 'AAP झूठे आरोप लगा रही है'

इन आरोपों का जवाब देते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री आतिशी पहले भी इस तरह के झूठे आरोप लगा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन आरोपों के खिलाफ हाईकोर्ट में मामला दायर किया है, जो अभी लंबित है। उन्होंने संजय सिंह को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

केजरीवाल का BJP पर निशाना

AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री आतिशी ने एक्स (Twitter) पर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल फर्जी हैं। केजरीवाल ने कहा,

"अगर फर्जी एग्जिट पोल में भाजपा को 55 सीटें मिल रही हैं, तो फिर वे हमारे 16 विधायकों को खरीदने के लिए 15-15 करोड़ रुपये का लालच क्यों दे रहे हैं?"

LG के निर्देश पर ACB ने शुरू की जांच

भाजपा के प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर आम आदमी पार्टी के आरोपों को गंभीरता से लेने और इसकी जांच कराने की मांग की। उपराज्यपाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) को समयबद्ध तरीके से जांच करने का निर्देश दिया।

Leave a comment