Delhi New CM: दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं रेखा गुप्ता, एलजी विनय कुमार सक्सेना ने पद और गोपनीयता की दिलाई शपथ

🎧 Listen in Audio
0:00

दिल्ली को 12 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नया मुख्यमंत्री मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की विधायक रेखा गुप्ता को एलजी विनय कुमार सक्सेना ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नई दिल्ली: दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी करने के बाद, बीजेपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आज (20 फरवरी) को हो रहा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद नए मुख्यमंत्री के इंतजार को खत्म करते हुए रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में रेखा गुप्ता भगवा साड़ी में नजर आईं और वे दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं। उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज इस पद पर रह चुकी हैं।

रेखा गुप्ता शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने तीन बार की आम आदमी पार्टी की विधायक रहीं बंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराया। उनकी जीत के साथ ही बीजेपी ने दिल्ली की राजनीति में नया अध्याय जोड़ा है और 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की हैं।

रेखा गुप्ता के साथ इन मंत्रियों ने भी ली शपथ

दिल्ली में बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बाद मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को एलजी विनय कुमार सक्सेना ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले प्रवेश वर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली, इसके बाद आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर सिंह इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली। आज सुबह ही राजपत्र जारी कर इन सभी के नामों का आधिकारिक ऐलान किया गया था। 

शपथ ग्रहण के बाद जल्द ही सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया जाएगा। बीजेपी ने इस मंत्रिमंडल के जरिए जाट, पंजाबी और पूर्वांचल समुदायों के संतुलन पर विशेष ध्यान दिया है। यह शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रीमंडल के सदस्य, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम, सांसद, एनडीए के सहयोगी दलों के नेता और लगभग 50 हजार नेता, कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

Leave a comment