Delhi News: भलस्वा लैंडफिल पर सीएम और एलजी ने किया निरीक्षण, कहा- दिल्ली को बनाएंगे कूड़ा मुक्त

🎧 Listen in Audio
0:00

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भलस्वा लैंडफिल का निरीक्षण कर एलजी वीके सक्सेना की तारीफ की। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार काम कर रही है, दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करेगी।

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का दौरा किया और उपराज्यपाल वीके सक्सेना की सराहना की। उन्होंने केदारनाथ त्रासदी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह तब एक शिला ने मंदिर को बचाया था, उसी तरह उपराज्यपाल ने दिल्ली को बर्बाद होने से बचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें केवल वादे करती रहीं, लेकिन अब भाजपा सरकार जमीन पर काम करके दिखा रही है।

भलस्वा लैंडफिल पर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ

मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल ने भलस्वा लैंडफिल साइट पर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। करीब पांच एकड़ जमीन को कूड़ा मुक्त कर उस पर दो हजार से अधिक बांस के पौधे लगाए गए। अगले एक से डेढ़ महीने में यहां 54 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिससे इस क्षेत्र को हरा-भरा बनाया जा सके।

डबल इंजन सरकार तेज रफ्तार से कर रही काम

उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को प्रदूषण मुक्त और सुंदर बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार दोगुनी गति से काम कर रही है और लैंडफिल साइट को ग्रीन लैंड में तब्दील किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें केवल कूड़े के पहाड़ पर चर्चा करती रहीं, लेकिन उसे कम करने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया। अब केंद्र सरकार के सहयोग से यह काम तेजी से हो रहा है।

दो साल में खत्म होगा भलस्वा लैंडफिल- एलजी

मीडिया से बातचीत में उपराज्यपाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कड़ी मेहनत से इस लैंडफिल साइट को कूड़ा मुक्त करने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि बांस का पेड़ सबसे अधिक ऑक्सीजन देने वाला पेड़ है और यह 30% अधिक ऑक्सीजन उत्सर्जित करता है। अगले कुछ महीनों में हाईवे से गुजरने वाले लोगों को कूड़े का पहाड़ नहीं, बल्कि हरा-भरा क्षेत्र दिखाई देगा।

भाजपा सरकार ने किया वह काम, जो पिछली सरकारें नहीं कर पाईं

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल का पूरा श्रेय उपराज्यपाल को जाता है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने केवल बातें कीं, लेकिन काम नहीं किया। केंद्र सरकार की सहायता से मलबे का सही उपयोग कर इसे मैदानों की लेवलिंग में इस्तेमाल किया गया। लाखों टन कचरा हटाकर इलाके को पुनः संरचित किया गया है।

हर महीने लैंडफिल साइट का होगा निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य की मासिक समीक्षा की जाएगी और तीनों प्रमुख लैंडफिल साइटों का निरीक्षण किया जाएगा। एक साल के भीतर इन कूड़े के पहाड़ों की ऊंचाई को कम कर हरियाली में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना सरकार का मिशन है और इसे पूरी प्रतिबद्धता से पूरा किया जाएगा।

Leave a comment