Haryana New Cabinet: विपुल गोयल को एक बार फिर दिया जाएगा हरियाणा सरकार में मंत्री पद, राजेश नागर को भी मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी, जानें...

Haryana New Cabinet: विपुल गोयल को एक बार फिर दिया जाएगा हरियाणा सरकार में मंत्री पद, राजेश नागर को भी मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी, जानें...
Last Updated: 1 दिन पहले

नायब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ दूसरी बार लेने जा रहे हैं। उनकी नई सरकार में फरीदाबाद जिले से दो प्रमुख विधायकों को मंत्री पद दिया जाएगा। इनमें तिगांव से दूसरी बार विधायक बने राजेश नागर और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से विपुल गोयल शामिल हैं। विपुल गोयल पहले मनोहर सरकार में उद्योग मंत्री रह चुके हैं।

चंडीगढ़: फरीदाबाद के लोगों के लिए आज का दिन बेहद खास है क्योंकि एनआईटी का 75वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस खास अवसर पर जिले को एक और बड़ी खुशखबरी मिली है। नायब सिंह सैनी की नई हरियाणा सरकार में फरीदाबाद जिले के दो विधायकों, विपुल गोयल और राजेश नागर, को मंत्री पद मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में चंडीगढ़ में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके बाद, शपथ लेने वाले मंत्रियों में विपुल गोयल और राजेश नागर भी शामिल होंगे।

दोनों विधायकों ने इस बात की पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से उन्हें मंत्री पद की शपथ लेने के लिए फोन चुका है। विपुल गोयल और राजेश नागर, दोनों ही दूसरी बार विधायक चुने गए हैं और फरीदाबाद में अपने प्रभावशाली राजनीतिक करियर के लिए जाने जाते हैं।

विपुल गोयल को दिया जाएगा मंत्री पद

विपुल गोयल ने 2014 में पहली बार फरीदाबाद विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर विधायक बने थे। जब मनोहर लाल खट्टर की पहली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हुआ, तो विपुल गोयल को उद्योग मंत्री का पद सौंपा गया। उद्योग मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा, खासकर हरियाणा को "ईज ऑफ डूइंग बिजनेस" में 14वें स्थान से तीसरे स्थान पर लाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा, उन्होंने फरीदाबाद में पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए एक रिकॉर्ड बनाया, जिसमें उन्होंने दो घंटे में 2 लाख 35 हजार पौधे लगाने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।

हालांकि 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला, फिर भी उन्होंने धैर्य बनाए रखा और संगठन में काम किया, जहां उन्हें भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। 2024 के चुनावों में विपुल गोयल को फिर से टिकट मिला, और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी लखन सिंगला को 48 हजार से अधिक वोटों से हराकर दूसरी बार विधायक बने।

राजेश नागर को भी दी जाएगी बड़ी जिम्मेदारी

राजेश नागर, जिन्होंने तिगांव विधानसभा क्षेत्र में लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है, को हरियाणा की नई सरकार में मंत्री पद मिलने जा रहा है। उन्होंने दैनिक जागरण से बातचीत में इस बात की पुष्टि की कि उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय से मंत्री पद की शपथ लेने के लिए फोन चुका है। राजेश नागर ने 2014 में पहली बार चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस के ललित नागर से हार गए थे। इसके बावजूद, पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और 2019 के चुनाव में फिर से उन्हें टिकट दिया, जिसमें उन्होंने ललित नागर को हराकर पहली बार जीत दर्ज की।

2024 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी ने उन्हें मौका दिया और इस बार फिर ललित नागर को 37,000 से अधिक वोटों से पराजित कर लगातार दूसरी बार विधायक बने। राजेश नागर की संघर्षशील छवि और पार्टी नेतृत्व के साथ उनके अच्छे संबंधों को देखते हुए उन्हें मंत्री पद के लिए चुना गया है, जिससे उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल हैं।

 

Leave a comment