हरियाणा मंत्री अनिल विज ने कारण बताओ नोटिस पर कहा कि वह मीडिया में नहीं, बल्कि पार्टी को जवाब देंगे। बेंगलुरु से लौटकर नहाने, खाने के बाद जवाब देंगे।
Haryana News: हरियाणा के बिजली, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के खिलाफ बयानबाजी के आरोप में भाजपा की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, विज ने इस नोटिस पर स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पहले नहाऊंगा, फिर जवाब दूंगा: विज
बेंगलुरु से तीन दिन की यात्रा पूरी कर लौटे अनिल विज ने कहा, "मुझे मीडिया के माध्यम से इस नोटिस की जानकारी मिली है, लेकिन इसका जवाब मीडिया को नहीं, बल्कि पार्टी को दूंगा।" उन्होंने आगे कहा, "मैं अभी बेंगलुरु से लौटा हूं। पहले घर जाऊंगा, ठंडे पानी से नहाऊंगा, रोटी खाऊंगा और फिर बैठकर जवाब लिखूंगा।"
जेपी नड्डा से मिले सीएम सैनी और मोहन लाल बडौली
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने मंगलवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के प्रांतीय संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि मुलाकात के दौरान अनिल विज प्रकरण को लेकर भी चर्चा हुई, हालांकि, इस पर सीएम और बडौली की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया।
क्या लिखा है नोटिस में?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि अनिल विज ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ सार्वजनिक बयान दिए हैं, जो पार्टी की नीतियों और अनुशासन के खिलाफ हैं। पार्टी ने उनसे तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में यह भी कहा गया कि ऐसे बयानों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है, खासकर चुनावी समय में।