Weather Update: सर्दी की आहट यूपी में दिन और रात का तापमान गिरा, पूर्वांचल में बारिश की संभावनाएं

Weather Update: सर्दी की आहट यूपी में दिन और रात का तापमान गिरा, पूर्वांचल में बारिश की संभावनाएं
Last Updated: 15 अक्टूबर 2024

दिवाली से पहले यूपी में मौसम में बदलाव रहा है। रात के तापमान में कमी आई है, जिससे सिहरन बढ़ गई है। आगरा, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर जैसे जिलों में रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

लखनऊ: यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव पिछले 24 घंटों में यूपी के मौसम में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है। पूर्वी यूपी के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी देखी गई। झांसी मंडल में दिन का तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि मेरठ मंडल में यह सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। प्रयागराज (पीबीओ) में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बरेली मंडल में रात के तापमान में वृद्धि देखी गई है। वहीं, कानपुर मंडल में रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किया गया है। इस बदलाव से लोगों को गर्मी का अनुभव हो रहा है।

राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना: तापमान में मामूली बदलाव की उम्मीद

राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम विभाग की कोई चेतावनी नहीं है। अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की उम्मीद है, हालांकि बाद में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।

पूर्वांचल के जिलों में बारिश के आसार: किसानों की चिंताएं बढ़ीं

मधुबन (मऊ) मौसम का मिजाज बदलने से किसान चिंतित हो गए हैं। उन्हें बारिश की स्थिति में धान की फसल के बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। इस समय क्षेत्र में धान की फसल में बालियां लग गई हैं और वह पकने की कगार पर है। कुछ स्थानों पर धान कटने की स्थिति में पहुंच चुका है, लेकिन मिट्टी गीली होने और रास्ते के अभाव में हार्वेस्टर खेत में नहीं जा पा रहा है।

पिछले तीन दिनों से आसमान में बदली छाई हुई है और बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे किसानों को डर है कि यदि बारिश हुई, तो धान की पैदावार प्रभावित होगी और फसल की कटाई और मड़ाई में दिक्कतें आएंगी।

अयोध्या के मौसम में बदलाव: तापमान में गिरावट और सिहरन का अहसास

अयोध्या में मौसम में बदलाव स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। रात और दिन दोनों के तापमान में कमी आई है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन तापमान सामान्य से कम रहा, जिससे वातावरण में सिहरन का अहसास होने लगा है। खासकर सुबह के समय लोगों को ठंडक महसूस हो रही है। अब एसी और कूलर का उपयोग भी लगभग बंद हो गया है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, तापमान में गिरावट का यह सिलसिला जारी रहेगा। सोमवार को जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। आने वाले एक-दो दिनों तक बादलों का छाया में रहने की संभावना है। हालांकि, व्यापक बारिश की उम्मीद नहीं है, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

मसौधा और बीकापुर में छिटपुट बूंदाबांदी

शनिवार से बादलों की आवाजाही जारी है, और सोमवार को मसौधा, बीकापुर सहित अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि माह के अंत तक तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक कमी सकती है।

उन्होंने बताया कि सूर्यदेव अब दक्षिणायण हो चुके हैं, जिससे सूरज की किरणों की तीव्रता में कमी आएगी और दिन का समय भी छोटा होगा। यह शरद ऋतु के आरंभ का संकेत है, जिसके कारण तापमान में कमी आने की संभावना है। सोमवार को जिले में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 और 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम आर्द्रता 91 प्रतिशत और न्यूनतम 66 प्रतिशत दर्ज की गई।

Leave a comment