देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिल्ली में गर्मी ने इस सीजन का नया रिकॉर्ड बनाया, वहीं यूपी और बिहार में शुष्क मौसम बना रहेगा। हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश में भी तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा हैं।
मौसम: भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली में रविवार को सीजन की सबसे तेज गर्मी पड़ी, जहां तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में कुछ इलाकों में बर्फबारी हुई है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई हैं।
उत्तराखंड में भी हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
दिल्ली में तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड
दिल्ली में रविवार को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच गया, जो इस साल का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिनों तक गर्मी बनी रहेगी। हालांकि, 14 मार्च को हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज, 11 और 12 मार्च को दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 20 से 30 किमी प्रति घंटा रहने की उम्मीद हैं।
उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे गर्म हो रहा है। पश्चिमी यूपी में हवाओं की गति बढ़ सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में हल्की ठंडक बनी रहेगी। लखनऊ और आसपास के इलाकों में 13 मार्च के बाद हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि होली के दौरान हल्की ठंडक महसूस हो सकती हैं।
बिहार में बढ़ेगी गर्मी, हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
बिहार में इस हफ्ते तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे दिन में गर्मी अधिक महसूस होगी। पटना और गया में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को राहत कम मिलेगी। हिमाचल प्रदेश में 13 से 15 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। केलांग और रोहतांग के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
मध्य प्रदेश में चढ़ा पारा, उत्तराखंड में हल्की बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में गर्मी ने दस्तक दे दी है। कई जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। रतलाम, ग्वालियर और भोपाल में दिन के समय गर्मी बढ़ती जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में 13 और 14 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। देहरादून और मसूरी में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जिससे हल्की ठंडक महसूस होगी।