4 दिसंबर को दिल्ली में नगर निगम का होगा वोटिंग, 7 दिसंबर को मिलेंगे परिणाम

4 दिसंबर को दिल्ली में नगर निगम का होगा वोटिंग, 7 दिसंबर को मिलेंगे परिणाम
Last Updated: 06 अप्रैल 2023

दिल्ली चुनाव आयुक्त विजय देव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि निगम चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी करना उनकी प्राथमिकता है तथा इसको लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सात नवंबर से नामांकन दाखिल किए जाएँगे और नामांकन की आख़री तिथि चौदह नवंबर को है। नामांकन वापस 19 नवम्बर तक होंगे। मतदान चार दिसंबर रविवार को सुबह आठ बजे से शाम साढ़े पाँच बजे तक होगा।उल्लेखनीय है कि एकीकृत होने के बाद दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों पर चुनाव होगा।

इससे पहले दिल्ली नगर निगम तीन भागों में विभाजित था और कुल 272 वार्ड थे। ताजा परिसीमन में वार्ड की संख्या घटाकर 272 से 250 कर दी गई है। चुनाव आयोग ने पिछले महीने ही 250 वार्डों की लिस्ट जारी कर दी थी। इसके तहत दिल्ली नगर निगम की कुल 250 सीटों में से 42 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की गई। वहीं 104 सीटों पर महिला और 104 पर पुरुष उम्मीदवार होंगे।

चुनाव की घोषणा के साथ ही दिल्ली में आचार संहिता लागू हो गई है। इस बार चुनाव आयोग ने निगम में उम्मीदवारों के खर्च की सीमा पौने छह लाख से बढ़ा कर आठ लाख रुपए कर दी है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी गुजरात के चुनाव में बहुत मेहनत कर रही है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का ज्यादा समय गुजरात में ही बीत रहा है। लेकिन दिल्ली नगर निगम की चुनाव की घोषणा के बाद उनको और पूरी टीम को दिल्ली में मेहनत करनी होगी। दिल्ली नगर निगम का चुनाव पिछले 15 साल से भाजपा जीत रही है।

 

Leave a comment