एलन मस्क ने दावा किया कि X (पूर्व में ट्विटर) पर हुए बड़े साइबर हमले के लिए यूक्रेनी क्षेत्र के IP एड्रेस का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे किसी खतरनाक ग्रुप या किसी देश का हाथ हो सकता हैं।
नई दिल्ली: सोमवार (10 मार्च 2025) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बड़े पैमाने पर साइबर अटैक हुआ, जिससे इसका सर्वर कई बार क्रैश हुआ। X के मालिक एलन मस्क ने इसे एक सुनियोजित हमला करार दिया और कहा कि इस बार किसी खतरनाक ग्रुप या किसी देश ने इसे अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि, अब X की सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर दी गई हैं।
मस्क ने यूक्रेनी IP एड्रेस से हमले का किया दावा
फॉक्स न्यूज से बात करते हुए एलन मस्क ने कहा, "हमें पूरी जानकारी नहीं है कि यह हमला कैसे हुआ, लेकिन साइबर अटैक के लिए यूक्रेनी क्षेत्र के IP एड्रेस का इस्तेमाल किया गया था।" हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि अब X की सेवाएं पूरी तरह से ठीक हैं। इससे पहले मस्क ने X पर एक पोस्ट के जरिए भी आशंका जताई थी कि इस हमले के पीछे कोई बड़ा संगठन या कोई देश हो सकता है। उन्होंने लिखा, "हर दिन X पर साइबर अटैक होते रहते हैं, लेकिन इस बार यह बड़े पैमाने पर किया गया। इसकी गहन जांच की जा रही है।"
हाल ही में एलन मस्क ने यूक्रेन में स्टारलिंक की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर स्टारलिंक बंद कर दिया जाए तो यूक्रेन की फ्रंटलाइन पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएगी। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि इसे बंद नहीं किया जाएगा।
जेलेंस्की पर हमला, बताया तानाशाह
यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर एलन मस्क कई बार यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने जेलेंस्की को तानाशाह करार देते हुए दावा किया कि उन्होंने चुनाव हारने के डर से चुनाव ही रद्द कर दिए। मस्क ने यूक्रेनी सैनिकों की लाशों से पैसे कमाने का आरोप भी जेलेंस्की पर लगाया। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की भ्रष्टाचार के बड़े तंत्र को चला रहे हैं।
इसके साथ ही मस्क ने 2022 की वोग मैगजीन की कवर फोटो शेयर करते हुए उन पर तंज कसा था, जिसमें जेलेंस्की अपनी पत्नी के साथ पोज़ दे रहे थे। मस्क ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, "जब बच्चे युद्ध के मोर्चे पर मर रहे थे, तब वह फोटोशूट करवा रहे थे।" इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यूक्रेन इस आरोप पर कैसी प्रतिक्रिया देता है और X पर हुए इस बड़े साइबर अटैक की जांच में क्या खुलासे होते हैं।