CBN ऑपरेशन में 5.894 किलो मादक पदार्थ, 200 किलो केमिकल और लैब उपकरण जब्त

CBN ऑपरेशन में 5.894 किलो मादक पदार्थ, 200 किलो केमिकल और लैब उपकरण जब्त
AI IMAGE

CBN की कार्रवाई में 5.894 किलोग्राम मादक पदार्थ, 200 किलो केमिकल और हाई-टेक लैब उपकरण जब्त। आरोपी मुख्य सरगना फरार है। जांच अब सप्लाई नेटवर्क और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन तक विस्तारित की जा रही है।

Rajasthan: चित्तौड़गढ़ जिले के सुरजना गांव में नेशनल हाईवे से सात किलोमीटर अंदर सुनसान इलाके में एक अवैध MD ड्रग फैक्ट्री पकड़ी गई। CBN टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां साइकोट्रॉपिक ड्रग तैयार की जा रही है। टीम ने नारकोटिक्स डिवीजन-1, 2, 3 और निवारक दल के साथ संयुक्त रूप से ऑपरेशन किया।

टीम ने गांव से दूर स्थित मकान और बाड़े को चारों तरफ से घेरकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में ड्रग और बनाने के उपकरण बरामद हुए। मुख्य आरोपी मध्यप्रदेश में रहकर फैक्ट्री चला रहा था। उसने छह महीने पहले 15 लाख रुपए में मकान खरीदा और इंदौर से कच्चा माल मंगवाकर ड्रग बनाना शुरू किया था।

जब्त सामग्री की कीमत करीब दो करोड़

ऑपरेशन में कुल 5.894 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसमें 107 ग्राम MD पाउडर, 3.961 किलोग्राम MD क्रूड और 1.826 किलोग्राम अल्प्राजोलम शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 200 किलोग्राम प्रिकर्सर केमिकल, हाई-टेक लैब उपकरण, ड्रग निर्माण के बर्तन और एक बाइक जब्त की गई।

जांच अधिकारियों ने बताया कि इन सामग्री और उपकरणों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। मिले उपकरणों और बर्तनों से यह भी स्पष्ट है कि यह पहली बार इस्तेमाल नहीं हुए थे और पहले भी ड्रग बनाई जा चुकी थी।

तलाशी में दो आरोपी गिरफ्तार

तलाशी के दौरान सोनू सिंह उर्फ अकबर को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि वह लैब पर गार्ड और हेल्पर की भूमिका निभा रहा था और बाहरी लोगों पर नजर रखता था। बाद में सुरजना गांव निवासी मकान मालिक मांगीलाल धाकड़ को भी गिरफ्तार किया गया। वह बाड़े का मालिक था जिसमें लैब चल रही थी।

मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि वह राजस्थान का निवासी है, लेकिन वर्तमान में मध्यप्रदेश के मंदसौर में रहता है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रशासनिक कार्रवाई

जिला अफीम अधिकारी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि CBN टीम अब सप्लाई चैन, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। मामले में SP मनीष त्रिपाठी ने किला चौकी इंचार्ज ASI हिम्मत सिंह और कॉन्स्टेबल रणजीत पूरी को सस्पेंड कर दिया। जिला अफीम अधिकारी ने सोनू सिंह के आधार कार्ड को लेकर फैली अफवाहों को गलत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी का आधार कार्ड पूरी तरह वैध है।

Leave a comment