16 नवंबर को NMMS परीक्षा, छात्रों के प्रवेश पर सख्त नियम, अभी करें चेक

16 नवंबर को NMMS परीक्षा, छात्रों के प्रवेश पर सख्त नियम, अभी करें चेक

राज्य में नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा 16 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पारी में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभागीय परीक्षाएं, राजस्थान (जयपुर) की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जयपुर। राज्यभर में 16 नवंबर को आयोजित होने वाली नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा एक ही पारी में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित केंद्रों पर होगी। विभाग ने नकल रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल, इंटरनेट और फोटोस्टेट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारियों को 12 नवंबर तक परीक्षा सामग्री प्राप्त कर 14 नवंबर तक ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को वितरित करने को कहा गया है। प्रत्येक केंद्र से सामग्री प्राप्ति और पूर्णता प्रमाणपत्र की पुष्टि सुनिश्चित करनी होगी। परीक्षा का संचालन पंजीयक, शिक्षा विभागीय परीक्षाएं राजस्थान (जयपुर) की देखरेख में किया जाएगा।

परीक्षा शुरू होते ही प्रवेश बंद

जयपुर। एनएमएमएस परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट कहा गया है कि परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा से एक दिन पहले सभी पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर उनका ओरिएंटेशन करवाना अनिवार्य होगा। परीक्षा समाप्ति के बाद विद्यार्थियों को उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी और प्रश्नपत्र दिए जाएंगे, ताकि वे अपने उत्तरों का मिलान कर सकें। वहीं, ओएमआर की मूल प्रति दिशा-निर्देशानुसार सीलबंद कर भेजी जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और इंटरनेट पर सख्त रोक

एनएमएमएस परीक्षा के दौरान गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़े प्रोटोकॉल लागू किए हैं। निर्देशों के अनुसार परीक्षा अवधि में केंद्राधीक्षक, वीक्षक, सुपरवाइजर सहित किसी भी कर्मचारी को मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी उपकरण परीक्षा कक्ष के बाहर सुरक्षित रखवाए जाएंगे।

इसके अलावा, केंद्र परिसर में कंप्यूटर, इंटरनेट, वाईफाई और फोटोस्टेट मशीनों के उपयोग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा के दौरान किसी भी तकनीकी साधन के दुरुपयोग को रोकने के लिए आसपास की फोटोस्टेट दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक कक्ष को सील कर ऑब्जर्वर से प्रमाण पत्र लेना भी अनिवार्य किया गया है।

हजारों विद्यार्थी होंगे परीक्षा में शामिल

राज्य के सभी जिलों में एक साथ आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कक्षा 8 के हजारों विद्यार्थी भाग लेंगे। एनएमएमएस परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर तबके के मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है।

भीलवाड़ा जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां जिलेभर से 3807 छात्र परीक्षा देंगे। इनमें बिजौलिया, करेड़ा, कोटड़ी, शाहपुरा, रायपुर, जहाजपुर, बनेड़ा, आसींद, गंगापुर, हुरड़ा, मांडल, मांडलगढ़ और भीलवाड़ा शहर के लेबर कॉलोनी तथा प्रतापनगर स्कूल शामिल हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और गोपनीयता की विशेष व्यवस्था की गई है।

Leave a comment