साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया के अस्सिस्टेंट कोच रेयान टेन डॉएश और बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने संकेत दिए हैं कि जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग XI में बदलाव किया जा सकता है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका से मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबला चुनौतीपूर्ण होने वाला है। इस मैच से पहले टीम मैनेजमेंट ने संकेत दिए हैं कि खराब फॉर्म में चल रहे बल्लेबाजों की जगह किसी नए खिलाड़ी को शामिल किया जा सकता है। असिस्टेंट कोच रेयान टेन डॉएश और बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने साफ किया कि अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा या रिंकू सिंह में से किसी एक को बाहर किया जा सकता है।
खराब फॉर्म और रणनीति पर विचार
टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा कि टीम अब ऐसे मुकाम पर पहुंच गई है जहाँ प्लेइंग XI में बदलाव जरूरी हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट को लगता है कि कुछ नया करने की जरूरत है, तो वे बदलाव करेंगे। कोटक ने यह भी माना कि अभिषेक शर्मा और टिलक वर्मा का हालिया प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है।
उन्होंने कहा, अब हमें सोचना होगा कि कुछ अलग करना है या उसी कॉम्बिनेशन से काम करना है। अभिषेक शर्मा को अभी अपनी पारी को बेहतर बनाने और गेंद को देखकर खेलना होगा। जरूरत से ज्यादा सलाह देना उसके आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकता है।
![]()
रिंकू, तिलक और अभिषेक: कौन बचेंगे और कौन बाहर?
टीम मैनेजमेंट अगले मैच से पहले इन तीन खिलाड़ियों की फॉर्म और मैच परिस्थितियों का आंकलन कर रही है। अभिषेक शर्मा, टिलक वर्मा और रिंकू सिंह में से किसी एक को बाहर किया जा सकता है। इस बदलाव का उद्देश्य है टीम के टॉप ऑर्डर को मजबूत करना और रन गति बढ़ाना। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में इन खिलाड़ियों ने अभी तक कोई बड़ी पारी नहीं खेली है, जिससे टीम को लगातार शुरुआती विकेट गंवाने का संकट झेलना पड़ा। अब टीम मैनेजमेंट देख रही है कि कौन खिलाड़ी मैच की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
असिस्टेंट कोच रेयान टेन डॉएश ने स्वीकार किया कि टीम में बैकअप स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों की कमी है। उन्होंने कहा कि दो विकल्प हैं, वर्तमान खिलाड़ियों पर भरोसा रखें, जिन्होंने पिछले डेढ़ साल में अच्छा प्रदर्शन किया है, भले ही वे इस वर्ल्ड कप में रन नहीं बना पा रहे हैं। बदलाव कर संजू सैमसन को शामिल करें, जो टॉप ऑर्डर में दाहिने हाथ का मजबूत बल्लेबाज है और टीम को नई रणनीति में मदद कर सकता है। टेन डॉएश ने कहा कि अगले दो अहम मैचों से पहले सैमसन की टीम में वापसी पर चर्चा की जाएगी।










