Afghanistan Cricket Board ने भारत दौरे के लिए अफगानिस्तान टीम का ऐलान कर दिया है। टीम जून में भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी Hashmatullah Shahidi करेंगे।
स्पोर्ट्स न्यूज़: Afghanistan Cricket Board ने भारत दौरे के लिए अपनी टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। अफगानिस्तान जून में भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा। इस दौरे में अनुभवी बल्लेबाज Hashmatullah Shahidi टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। दोनों देशों के बीच यह बहुप्रतीक्षित दौरा 6 जून से शुरू होगा, जब एकमात्र टेस्ट मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज आयोजित होगी। क्रिकेट विशेषज्ञों के अनुसार यह सीरीज आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
टेस्ट टीम से बाहर रहे राशिद खान
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर Rashid Khan को टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राशिद फिलहाल व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं और इसी कारण उन्होंने टेस्ट मैच से बाहर रहने का फैसला लिया है। हालांकि, वह भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा रहेंगे।
राशिद खान की अनुपस्थिति में स्पिन विभाग की जिम्मेदारी Sharafuddin Ashraf और Qais Ahmad के कंधों पर होगी। दोनों खिलाड़ियों से भारतीय परिस्थितियों में प्रभावी प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
युवा खिलाड़ियों पर अफगानिस्तान का भरोसा
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस दौरे के लिए युवा प्रतिभाओं को भी मौका दिया है। टेस्ट टीम में Abdul Malik, Rahmanullah Zadran और शराफुद्दीन अशरफ को शामिल किया गया है। टीम चयन से साफ संकेत मिलता है कि बोर्ड भविष्य को ध्यान में रखते हुए नई प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करना चाहता है।
इसके अलावा अनुभवी बल्लेबाज Rahmat Shah और विकेटकीपर बल्लेबाज Rahmanullah Gurbaz ने अपनी जगह बरकरार रखी है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी इकराम अलीखिल और अफसर ज़ज़ई संभालेंगे। तेज गेंदबाजी विभाग में भी युवा खिलाड़ियों को तरजीह दी गई है। Bilal Sami, Zia-ur-Rehman Sharifi और Salim Safi जैसे युवा तेज गेंदबाजों को मौका देकर टीम प्रबंधन ने भविष्य की रणनीति स्पष्ट कर दी है।

वनडे टीम में अनुभव और युवा जोश का मिश्रण
वनडे टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का संतुलन देखने को मिलता है। कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी के अलावा टीम में मोहम्मद नबी, राशिद खान और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे अनुभवी नाम शामिल हैं। वहीं इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल जैसे युवा बल्लेबाजों से भी बड़ी उम्मीदें रहेंगी।अफगानिस्तान क्रिकेट टीम पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार मजबूत होती नजर आई है। टीम ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में कई बड़ी टीमों को कड़ी चुनौती दी है और अब उसका लक्ष्य टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी पहचान मजबूत करना है।
अफगानिस्तान की घोषित टीम
वनडे टीम: हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, एएम गजनफर, जिया-उर-रहमान शरीफी, फरीद मलिक और बिलाल सामी।
रिजर्व पूल: कैस अहमद, सलीम सफी, बशीर अहमद
टेस्ट टीम: हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमानुल्लाह जादरान, अफसर ज़ज़ई, इकराम अलीखिल, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुदीन अशरफ, नांग्याल खारोताई, कैस अहमद, बिलाल सामी, जिया शरीफी और सलीम सफी।
रिजर्व पूल: बशीर अहमद, बहिर शाह, इस्मत आलम









