AFG vs ZIM: जिंबाब्वे ने रचा इतिहास, 149 साल के टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बना अनोखा रिकॉर्ड

AFG vs ZIM 1st Test: जिंबाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाकर 149 साल का इतिहास रचा। जानें मैच का स्कोर, रिकॉर्ड और नतीजा।

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में जिंबाब्वे ने 149 साल पुराना इतिहास बदल दिया। टीम ने दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाए। क्रैग इरविन के दोहरे शतक और वेस्ली मधेवेरे की शतकीय पारी के बाद मुकाबला ड्रॉ रहा।

स्पोर्ट्स न्यूज़: अफगानिस्तान और जिंबाब्वे के बीच खेला गया पहला टेस्ट भले ही ड्रॉ रहा, लेकिन इस मुकाबले ने क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। जिंबाब्वे ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जो 1877 में टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत होने के बाद कोई दूसरी टीम नहीं कर सकी थी। शारजाह में जिंबाब्वे के बल्लेबाजों ने दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाए। पांच दिनों तक चले मैच में कुल तीन पारियां खेली गईं और तीनों में 500 का आंकड़ा पार हुआ।

149 साल में पहली बार किसी टीम ने किया ऐसा कारनामा

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में 5 से 9 नवंबर तक खेले गए मुकाबले में जिंबाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने अपनी पहली पारी में 504 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने भी शानदार खेल दिखाया और 514 रन बनाकर 10 रन की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद जिंबाब्वे के बल्लेबाज दूसरी पारी में भी नहीं रुके। पांचवें दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने पांच विकेट खोकर 523 रन बना लिए थे। इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड बन गया।

आईसीसी के मुताबिक, जिंबाब्वे दुनिया की पहली टीम बन गई है, जिसने एक ही टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 500 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले 149 साल के टेस्ट इतिहास में कोई टीम ऐसा नहीं कर पाई थी। इस मुकाबले का एक और दिलचस्प रिकॉर्ड रहा। पहली बार किसी टेस्ट मैच की तीन पारियों में 500 से अधिक रन बने। हालांकि, इतनी बड़ी बल्लेबाजी के बावजूद दोनों टीमों में से किसी को जीत नहीं मिली।

क्रैग इरविन ने नाबाद 206 रन बनाकर किया कमाल

जिंबाब्वे की दूसरी पारी में क्रैग इरविन सबसे बड़े हीरो बनकर सामने आए। उन्होंने अफगानिस्तान के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। इरविन 279 गेंदों पर 206 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में 23 चौके और दो छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि उन्होंने 41 साल और 82 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।

इसके साथ ही इरविन टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उनसे अधिक उम्र में यह कारनामा केवल दक्षिण अफ्रीका के एरिक रोवन और इंग्लैंड के जैक हॉब्स ने किया था। इरविन ने पांचवें दिन पहले एंटम नकवी के साथ 140 रन की साझेदारी की। नकवी ने 61 रन बनाए। इसके बाद वेस्ली मधेवेरे के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए नाबाद 208 रन जोड़े। यह जिंबाब्वे की ओर से टेस्ट क्रिकेट में छठे विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई।

मधेवेरे ने भी लगाया करियर का पहला टेस्ट शतक

क्रैग इरविन के अलावा वेस्ली मधेवेरे ने भी शानदार बल्लेबाजी की। सातवें नंबर पर खेलने आए मधेवेरे ने 108 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक था। दूसरी पारी में ब्रैंडन टेलर ने 82 और कप्तान ब्रायन बेनेट ने 58 रन का योगदान दिया। इन बल्लेबाजों की मदद से जिंबाब्वे का स्कोर 523 रन तक पहुंच गया।

इससे पहले पहली पारी में ब्रैंडन टेलर और ब्रायन बेनेट ने भी शतक लगाए थे। टेलर ने 131 और बेनेट ने 128 रन बनाए। वेस्ली मधेवेरे ने 54 रन की पारी खेली थी। अफगानिस्तान की तरफ से पहली पारी में कैस अहमद और मोहम्मद सलीम साफी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि जिया उर रहमान अकबर को दो सफलताएं मिलीं।

AFG vs ZIM: जिंबाब्वे ने रचा इतिहास, 149 साल के टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बना अनोखा रिकॉर्ड

अफगानिस्तान के तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक

जिंबाब्वे की रिकॉर्ड बल्लेबाजी के बीच अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने भी खूब रन बनाए। मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी में 514 रन बनाकर जिंबाब्वे को पीछे छोड़ दिया था। अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 173 रन बनाए। वहीं, रहमानुल्लाह जादरान ने अपने डेब्यू टेस्ट में 113 रन की शानदार पारी खेली। वह टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के दूसरे बल्लेबाज बने।

सेदिकुल्लाह अटल ने भी 105 रन बनाकर टीम की स्थिति मजबूत की। यह उनका लगातार दूसरा टेस्ट शतक था। हालांकि, अफगानिस्तान के गेंदबाज दूसरी पारी में जिंबाब्वे के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। पिच से गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिली और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

ब्रैंडन टेलर बने प्लेयर ऑफ द मैच, अब दूसरे टेस्ट पर नजर

जिंबाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज ब्रैंडन टेलर को दोनों पारियों में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 131 और दूसरी पारी में 82 रन बनाए। इस तरह मुकाबले में उनके बल्ले से कुल 213 रन निकले। दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहने के बाद अब दोनों टीमों की नजर दूसरे टेस्ट पर है।

यह मैच 13 नवंबर से 17 नवंबर तक शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मुकाबले में बल्लेबाजों का दबदबा रहा। ऐसे में दूसरे टेस्ट में गेंदबाज किस तरह वापसी करते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।

Leave a comment