27 साल के AI रिसर्चर का Anthropic से इस्तीफा, बोले- 2030 तक AI इंसानों के लिए बन सकता है बड़ा खतरा

Anthropic के 27 वर्षीय AI रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने इस्तीफे के बाद AI के खतरों पर चेताया। उन्होंने 2030 तक सुपरइंटेलिजेंट AI के जोखिम बताए।

Anthropic से इस्तीफा देने वाले 27 वर्षीय AI रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने AI के संभावित खतरों को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने OpenAI और Anthropic की रणनीतियों पर सवाल उठाते हुए सुपरइंटेलिजेंट AI के जोखिम गिनाए हैं।

Tech: Anthropic से इस्तीफा देने वाले AI रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संभावित खतरों पर चिंता जताई है। उनका दावा है कि AI विकसित करने वाले लोग इस दशक के अंत तक इसके बेहद गंभीर परिणामों की आशंका मानते हैं। उन्होंने OpenAI और Anthropic पर जिम्मेदारी से काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए AI की बढ़ती ताकत को कम न आंकने की अपील की है।

Anthropic और OpenAI में रिसर्च कर चुके हैं जैकब कॉक्सन

27 वर्षीय AI रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने Anthropic से इस्तीफा देने के बाद X पर कई पोस्ट के जरिए AI के भविष्य और इससे जुड़े जोखिमों पर अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि उन्होंने पिछले तीन साल OpenAI और Anthropic में ‘प्री-ट्रेनिंग रिसर्च’ पर काम करते हुए बिताए हैं।

27 साल के AI रिसर्चर का Anthropic से इस्तीफा, बोले- 2030 तक AI इंसानों के लिए बन सकता है बड़ा खतरा

जैकब का आरोप है कि इन दोनों कंपनियों में से कोई भी AI के संभावित खतरों से निपटने के लिए जिम्मेदारी से काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि AI विकसित करने वाले लोगों के बीच इस बात को लेकर चिंता मौजूद है कि दशक के अंत तक AI इंसानों के लिए बेहद गंभीर खतरा बन सकता है।

‘सुपरह्यूमन’ AI सिस्टम को लेकर जताई चिंता

जैकब कॉक्सन ने कहा कि AI की क्षमताओं को कम आंकना बड़ी गलती हो सकती है। उनके मुताबिक, आने वाले समय में ऐसे ‘सुपरह्यूमन’ सिस्टम विकसित हो सकते हैं, जो इंसानों की मौजूदा क्षमताओं से कहीं आगे होंगे।

उन्होंने दावा किया कि ऐसे सिस्टम किसी भी चीज को हैक करने, बहुत कम समय में अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े बदलाव लाने और संसाधनों पर नियंत्रण हासिल करने में सक्षम हो सकते हैं। जैकब ने यह भी कहा कि सार्वजनिक तौर पर AI कंपनियों के अधिकारी अक्सर संतुलित और जिम्मेदार बातें करते हैं, लेकिन निजी बातचीत में उन्होंने कुछ लोगों को AI से डरते हुए सुना है।

‘Anthropic रेस में पीछे छूटने के डर से आगे बढ़ रही’

जैकब ने OpenAI और Anthropic की AI रणनीतियों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि OpenAI में AI के खतरे की गंभीरता को अभी तक पर्याप्त गहराई से नहीं समझा गया है।

वहीं, जैकब के मुताबिक Anthropic में इस खतरे को समझा जा रहा है, लेकिन AI की दौड़ में पीछे छूटने का डर संभावित जोखिमों की चिंता पर भारी पड़ रहा है। उन्होंने इस स्थिति को एक तरह का जुआ बताया है, जिसमें कंपनियां AI की क्षमताओं को तेजी से बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

AI कंपनियों के कर्मचारियों से जैकब की अपील

जैकब कॉक्सन ने AI कंपनियों में काम कर रहे लोगों से अपील की कि वे गंभीरता से विचार करें कि आने वाले कुछ साल किस तरह के हो सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या AI के ‘दिमाग’ को पूरी तरह समझे बिना सुपरइंटेलिजेंट सिस्टम विकसित करने की रेस शुरू करना सही है।

उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या कर्मचारियों को केवल यह मानकर काम करते रहना चाहिए कि AI की यह दौड़ रुकने वाली नहीं है। जैकब का कहना है कि दुनिया अभी इस ग्लोबल AI रेस को रोकने के सही रास्ते पर नहीं है।

Anthropic के एलाइनमेंट साइंस लीड ने भी जताई चिंता

जैकब के दावों पर Anthropic की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कंपनी के एलाइनमेंट साइंस लीड इवान ह्यूबिंगर ने कहा कि जैकब की चिंता सही है। उन्होंने कहा कि AI के इंसानों के अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बनने की संभावना को कंपनी मानती है।

ह्यूबिंगर ने व्यक्तिगत तौर पर अगले दशक में AI के इंसानों को खत्म करने की संभावना 10 प्रतिशत से अधिक होने का अनुमान जताया। उन्होंने यह भी कहा कि Anthropic अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन सुपरइंटेलिजेंस को नियंत्रित करने के लिए अभी तक कोई ठोस योजना मौजूद नहीं है।

Leave a comment