हाल ही में एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसने काफी चर्चा बटोर ली है। इस रिपोर्ट के अनुसार, भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात के दौरान अपनी बात बेबाकी से रखी और उन्हें साफ शब्दों में भारत का रुख समझाया।
Ajit Doval Vs Marco Rubio: अमेरिका द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के बाद दोनों देशों के संबंध हाल के वर्षों के सबसे कठिन दौर में पहुंच गए थे। इस फैसले को भारत में आर्थिक दबाव और राजनीतिक अपमान के रूप में देखा गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को “हाई-टैरिफ डेड इकनॉमी” कह दिया और रूस से तेल खरीदने को लेकर सार्वजनिक रूप से आलोचना की। हालांकि, हालिया घटनाक्रम में अमेरिका ने यह टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया, जिससे संबंधों में फिर से नरमी आई है। इसके पीछे की कूटनीतिक कहानी अब सामने आ रही है।
मोदी–जिनपिंग–पुतिन मुलाकात से असहज हुआ व्हाइट हाउस
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, तनाव की जड़ पिछले साल सितंबर में हुई एक बड़ी वैश्विक कूटनीतिक घटना से जुड़ी है। तियानजिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात हुई थी। इस बैठक की तस्वीरें सामने आते ही ट्रंप प्रशासन असहज हो गया था, क्योंकि अमेरिका उस समय रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते रूस को अलग-थलग करने की कोशिश कर रहा था।
इस घटनाक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को वॉशिंगटन भेजा ताकि बिगड़ते संबंधों को संभाला जा सके और संवाद का रास्ता खोला जा सके।
डोभाल का कड़ा संदेश: ‘भारत दबाव में नहीं झुकेगा’
दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से ब्लूमबर्ग ने बताया कि डोभाल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के लिए स्पष्ट संदेश लेकर गए थे। बैठक के दौरान डोभाल ने साफ तौर पर कहा कि भारत किसी भी तरह के अमेरिकी दबाव या धमकी के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरी हुआ तो भारत ट्रंप प्रशासन के कार्यकाल खत्म होने तक इंतजार करने को तैयार है।
हालांकि, डोभाल ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत रिश्तों को पटरी पर लाना चाहता है, लेकिन इसके लिए अमेरिका को भारत की सार्वजनिक आलोचना बंद करनी होगी। उनका संदेश था कि आपसी सम्मान और समानता के आधार पर ही बातचीत आगे बढ़ सकती है।
![]()
ट्रंप के बयानों से भारत क्यों आहत था?
रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ से भारत गहराई से आहत था। इसके अलावा, ट्रंप द्वारा भारत को “डेड इकनॉमी” कहना और यह आरोप लगाना कि भारत रूसी तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध को वित्तपोषित कर रहा है, नई दिल्ली में गंभीर नाराजगी का कारण बना। भारतीय नीति-निर्माताओं ने इसे अनावश्यक और अनुचित माना।
डोभाल और रुबियो की बैठक के कुछ ही दिनों बाद संबंधों में नरमी के शुरुआती संकेत दिखने लगे। 16 सितंबर को ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर फोन किया और उनके नेतृत्व की प्रशंसा की। इसके बाद साल के अंत तक दोनों नेताओं के बीच चार और फोन कॉल हुए, जिनमें व्यापार और टैरिफ पर चर्चा हुई।
अमेरिका ने घटाया टैरिफ, रिश्तों में आई गर्माहट
बीते सोमवार को ट्रंप ने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि उन्होंने मोदी के साथ व्यापार समझौता किया है, जिसके तहत भारत पर लगाए गए टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। यह दर अब एशिया के कई अन्य देशों की तुलना में कम है, जिसे नई दिल्ली के लिए कूटनीतिक जीत माना जा रहा है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि निजी कूटनीतिक वार्ताओं का विवरण सार्वजनिक नहीं किया जाता, लेकिन दोनों देशों के बीच संवाद जारी है।











