'लॉक अप' की कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला अपनी निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर चर्चा में हैं। एक्टर गौरव खन्ना से शादी से पहले खुद को बायसेक्सुअल बताने वाली आकांक्षा ने अब खुद को ए-सेक्शुअल बताया है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: टेलीविजन अभिनेत्री और रियलिटी शो 'लॉक अप' की कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और लैंगिक पहचान को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री ने हालिया एपिसोड में अपनी सेक्सुअलिटी को लेकर खुलकर बात की और खुद को ए-सेक्शुअल (Asexual) बताया। आकांक्षा ने कहा कि फिलहाल उन्हें न तो पुरुषों के प्रति और न ही महिलाओं के प्रति किसी तरह की शारीरिक या लैंगिक आकर्षण की इच्छा महसूस होती है।
आकांक्षा चमोला का यह बयान उस समय सामने आया है, जब वह अपनी शादी और निजी जीवन में आए बदलावों को लेकर भी चर्चा में हैं। इससे पहले उन्होंने खुद को बाइसेक्शुअल बताया था, लेकिन अब उन्होंने कहा है कि जिंदगी के अलग-अलग दौर में व्यक्ति की भावनाएं और सोच बदल सकती हैं।
आकांक्षा चमोला ने सेक्सुअलिटी को लेकर क्या कहा?
'लॉक अप' के एक एपिसोड में आकांक्षा चमोला अपने साथी कंटेस्टेंट वरुण यादव के साथ रिश्तों और शादी को लेकर बातचीत कर रही थीं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भविष्य में दोबारा शादी करने के बारे में सोचेंगी, तो अभिनेत्री ने इससे इनकार किया। आकांक्षा ने कहा कि पिछले अनुभवों ने उनके नजरिए को बदल दिया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में वह किसी भी तरह की इंटिमेसी की इच्छा महसूस नहीं करतीं।
उन्होंने कहा, "सेक्सुअलिटी बदलती रहती है। यह आपकी जिंदगी के अलग-अलग फेज पर निर्भर करती है। मेरा अभी तलाक चल रहा है और मुझे अभी किसी से सेक्स की इच्छा नहीं है। लड़कियों के साथ भी नहीं और आदमियों के साथ भी नहीं। मेरा अलग फेज चल रहा है। इसे ए-सेक्शुअल कहते हैं।"
गौरव खन्ना से अलगाव को लेकर भी की बात
आकांक्षा चमोला की शादी टीवी अभिनेता गौरव खन्ना से हुई थी। शो में उन्होंने अपने रिश्ते और अलगाव को लेकर भी खुलकर बात की। अभिनेत्री ने बताया कि वह कभी मां नहीं बनना चाहती थीं और उनका मानना था कि कई लोग शादी को परिवार बढ़ाने और बच्चों की योजना के नजरिए से देखते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि शादी और रिश्तों को लेकर उनके विचार हमेशा से अलग रहे हैं। उनके अनुसार, जीवन में व्यक्तिगत पसंद और भावनात्मक जरूरतें समय के साथ बदल सकती हैं।
इससे पहले आकांक्षा चमोला ने अपनी सेक्सुअलिटी को लेकर कहा था कि वह बाइसेक्शुअल हैं। उन्होंने बताया था कि उन्हें महिलाओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव और सहजता महसूस होती है। अभिनेत्री ने कहा था कि वह महिलाओं के साथ समय बिताना पसंद करती हैं और उनके बीच मजबूत बॉन्डिंग को महत्व देती हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि महिलाओं के बीच दोस्ती को लेकर समाज में बनी कई धारणाओं से वह सहमत नहीं हैं।
![]()
क्या होता है Asexual होना?
ए-सेक्शुअल या अलैंगिकता एक ऐसी सेक्सुअल ओरिएंटेशन है, जिसमें व्यक्ति को आमतौर पर किसी अन्य व्यक्ति के प्रति यौन आकर्षण महसूस नहीं होता। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि ए-सेक्शुअल व्यक्ति प्रेम, भावनात्मक संबंध या रोमांटिक रिश्ते नहीं बना सकते। ए-सेक्शुअल लोग भी प्यार कर सकते हैं, रिश्तों में रह सकते हैं और शादी कर सकते हैं।
यह सेक्सुअलिटी का एक व्यापक स्पेक्ट्रम है, जिसमें अलग-अलग अनुभव शामिल होते हैं। कुछ लोग डेमीसेक्शुअल (Demisexual) होते हैं, जिन्हें गहरे भावनात्मक जुड़ाव के बाद ही आकर्षण महसूस होता है। विशेषज्ञों के अनुसार, सेक्सुअल ओरिएंटेशन व्यक्ति की निजी पहचान का हिस्सा होती है और हर व्यक्ति का अनुभव अलग हो सकता है।
सृति झा भी कर चुकी हैं ए-सेक्शुअलिटी पर बात
टीवी अभिनेत्री सृति झा भी पहले अपनी ए-सेक्शुअल पहचान को लेकर सार्वजनिक रूप से बात कर चुकी हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने अपनी कविता "Confessions of a Romantic Asexual" के जरिए अपने अनुभव साझा किए थे। सृति ने अपनी कविता में बताया था कि उन्हें प्यार, भावनात्मक जुड़ाव, गले लगाना और करीबी रिश्ते पसंद हैं, लेकिन सेक्स के प्रति उनमें वैसी रुचि नहीं रही। उन्होंने अपनी भावनाओं को स्वीकार करने और अपनी पहचान को समझने के सफर के बारे में बताया था।











