Pune

अखिलेश यादव और अनिरुद्धाचार्य महाराज के बयान पर तकरार, सपा सांसद प्रिया सरोज ने दी तीखी प्रतिक्रिया

अखिलेश यादव और अनिरुद्धाचार्य महाराज के बयान पर तकरार, सपा सांसद प्रिया सरोज ने दी तीखी प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और अनिरुद्धाचार्य महाराज के बीच चल रहे जुबानी विवाद पर अब जौनपुर की मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और अनिरुद्धाचार्य महाराज के पुराने वायरल वीडियो को लेकर विवाद गरमा गया है। इस विवाद में अब जौनपुर की मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज भी खुलकर सामने आ गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के जरिए बाबा अनिरुद्धाचार्य पर सीधा निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, बीते दिनों समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और धार्मिक प्रवचनकर्ता अनिरुद्धाचार्य महाराज का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस वीडियो में अखिलेश यादव एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अनिरुद्धाचार्य महाराज से सवाल करते नजर आए थे कि, मां यशोदा ने भगवान कृष्ण को सबसे पहले किस नाम से पुकारा था?

जवाब में अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कहा था कि मां यशोदा ने ‘कन्हैया’ कहकर पुकारा था। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने मजाकिया लहजे में कहा था, बहुत-बहुत शुभकामनाएं, अब यहीं से हमारा और आपका रास्ता अलग हो जाता है। इसके साथ ही अखिलेश ने अनिरुद्धाचार्य महाराज को ‘शूद्र’ शब्द के प्रयोग से बचने की सलाह भी दी थी।

अनिरुद्धाचार्य महाराज की टिप्पणी से भड़कीं प्रिया सरोज

इस वीडियो के वायरल होने के बाद हाल ही में अनिरुद्धाचार्य महाराज ने इस विवाद को मुसलमानों से जोड़ दिया। अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री मुझसे कहते हैं कि हमारा और तुम्हारा रास्ता अलग। मैंने वही उत्तर दिया जो सच है। वे मुसलमानों से तो यह नहीं कहते कि तुम्हारा रास्ता अलग और हमारा अलग। उनके साथ तो कहते हैं कि तुम्हारा रास्ता वही है जो हमारा रास्ता।

इस बयान के बाद सपा सांसद प्रिया सरोज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अनिरुद्धाचार्य महाराज की एक तस्वीर के साथ X पर लिखा: जब एक बाबा कृष्ण जी का नाम बताने में असफल हो जाता है तो अपनी छवि सुधारने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम हिंदू-मुस्लिम से जोड़कर देश-प्रदेश का माहौल खराब करता है। यही सिखाते हैं ये अपने प्रवचन में।

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस

प्रिया सरोज के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ यूजर्स ने इसे "सच्चाई और साहस की आवाज" करार दिया, तो कुछ लोगों ने इसे संत समाज के खिलाफ अनुचित टिप्पणी बताया। राजनीतिक गलियारों में इसे अनिरुद्धाचार्य महाराज पर सपा सांसद का सीधा निशाना माना जा रहा है। प्रिया सरोज ने इशारों में यह भी कहा कि धार्मिक मंचों से समाज को बांटने वाली बातें लोकतंत्र और भारतीय संस्कृति की एकता के खिलाफ हैं।

यह विवाद ऐसे समय में गरमा रहा है जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। समाजवादी पार्टी लगातार भाजपा और उसके समर्थक संगठनों पर धार्मिक ध्रुवीकरण का आरोप लगाती रही है। ऐसे में अखिलेश यादव के इस पुराने वीडियो के बहाने अनिरुद्धाचार्य महाराज के ताजा बयान को राजनीतिक हथियार के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a comment