तेलुगू सिनेमा के सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अखंडा 2' को रिलीज से एक दिन पहले ही पोस्टपोन कर दिया गया, जिससे फिल्म के फैंस निराश हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: नंदमुरी बालकृष्ण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ 5 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज को पोस्टपोन कर दिया गया है, जिससे फैंस को बड़ा झटका लगा है। दर्शक लंबे समय से इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, खासतौर पर इसलिए भी क्योंकि इसमें ‘बजरंगी भाईजान’ की मुन्नी यानी हर्षाली मल्होत्रा भी नजर आने वाली हैं, जिससे फिल्म का क्रेज काफी बढ़ गया था। मेकर्स ने रिलीज से ठीक एक दिन पहले एक पोस्ट के जरिए इसकी वजह भी बताई है, और तभी से फैंस इस खबर से काफी दुखी हैं।
प्रोडक्शन हाउस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, आज होने वाले 'अखंडा 2' के प्रीमियर तकनीकी समस्याओं के कारण रद्द कर दिए गए हैं। हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ चीजें हमारे नियंत्रण से बाहर हैं। असुविधा के लिए खेद है। इसके बाद, रिलीज को पोस्टपोन करने का कारण भी स्पष्ट किया गया।
मेकर्स ने लिखा, भारी मन से हमें यह सूचित करते हुए खेद है कि 'अखंडा 2' अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण निर्धारित समय पर रिलीज नहीं हो पाएगी। हम हर फैन के निराश होने को समझते हैं और इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। आपकी सपोर्ट हमारे लिए बहुत मायने रखती है।

'अखंडा 2' की रिलीज पोस्टपोन होने का कारण
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की रिलीज मद्रास हाई कोर्ट के आदेश के बाद रोक दी गई है। मामला इरोज़ इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड और 14 रील्स प्लस के बीच लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद से जुड़ा है। कोर्ट ने आदेश दिया कि जब तक इरोज़ को बकाया राशि 28 करोड़ रुपये + 14% ब्याज का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक 'अखंडा 2' को थिएटर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म या सैटेलाइट ब्रॉडकास्ट पर रिलीज नहीं किया जा सकता।
इरोज़ का तर्क था कि 14 रील्स प्लस एलएलपी और 14 रील्स एंटरटेनमेंट का विस्तार होने के कारण बकाया भुगतान किए बिना फिल्म रिलीज करने की अनुमति देना प्रमोटरों को अपनी वित्तीय देनदारियों से बचने और मुनाफा कमाने का अवसर देगा। अदालत ने इस पर रोक लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि भुगतान पूरा होने तक फिल्म की रिलीज पर रोक रहेगी।
फिल्म में है बड़े सितारों का ग्रैंड कास्ट
'अखंडा 2' को लेकर फैंस में खासा उत्साह था। फिल्म में नंदमुरी बालकृष्ण के साथ हर्षाली मल्होत्रा भी नजर आएंगी, जिन्हें 'बजरंगी भाईजान' में मुन्नी के रूप में पसंद किया गया था। उनकी मौजूदगी फिल्म के क्रेज को और बढ़ा रही थी। फैंस ने सोशल मीडिया पर निराशा व्यक्त की और फिल्म के पेड प्रीमियर के रद्द होने पर चिंता जताई। प्रोडक्शन हाउस ने फैंस से धैर्य बनाए रखने की अपील की और जल्द ही फिल्म की रिलीज की नई तारीख साझा करने का वादा किया।









