अलवर के चौकी बास गांव में 3 साल की बच्ची के मुंह में विस्फोटक फट गया। आरोप है कि दुकानदार ने चॉकलेट की जगह पटाखे वाली चॉकलेट दे दी। बच्ची की सर्जरी हुई, हालत स्थिर है।
Rajasthan: अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यह घटना सुबह करीब 11 बजे चौकी बास गांव की है। गांव की रहने वाली 3 साल की मासूम बच्ची अक्शु अपनी 6 साल की बड़ी बहन अहाना के साथ घर के पास स्थित किराना दुकान पर चॉकलेट लेने गई थी। परिजनों का आरोप है कि दुकानदार ने चॉकलेट की जगह बारूद से भरी पटाखे वाली चॉकलेट बच्ची को दे दी।
अक्शु ने उसे सामान्य चॉकलेट समझकर मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने चॉकलेट को चबाया, उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि बच्ची के मुंह के अंदर और बाहर गंभीर चोटें आईं। बच्ची के गाल और होंठ बुरी तरह फट गए और वह लहूलुहान हो गई।
मुंह और चेहरे पर गंभीर चोटें
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। बच्ची को गंभीर हालत में अलवर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती किया। डॉक्टरों के अनुसार, विस्फोट से बच्ची के चेहरे की त्वचा, होंठ और मुंह के अंदर गहरी चोटें आई हैं।
![]()
बच्ची की हालत नाजुक थी, लेकिन फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। मंगलवार शाम को बच्ची की सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर चार जगह टांके लगाए हैं। फिलहाल बच्ची को आईसीयू में रखा गया है और डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
दुकानदार ने दी बारूद वाली चॉकलेट
रामगढ़ थाना प्रभारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची की मौसी निकिता ने इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि अक्शु अपनी बहन अहाना के साथ दुकान पर गई थी। परिजनों का आरोप है कि दुकानदार सुदील उर्फ काला पुत्र नत्थो ने जानबूझकर या लापरवाही से बारूद वाली चॉकलेट बच्ची को दे दी।
जब अहाना ने अक्शु से चॉकलेट छीनने की कोशिश की, तब तक अक्शु उसे मुंह में डाल चुकी थी। इसी दौरान चॉकलेट में विस्फोट हो गया। धमाके से अहाना के हाथ में पकड़ी कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी गिरकर टूट गई।
एफएसएल जांच से खुलेगा राज
डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकानदार को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि दुकानदार ने अपने बचाव में कहा है कि बच्ची को यह चोट सड़क पर गिरने और कोल्ड ड्रिंक की शीशे की बोतल टूटने से लगी है।
पुलिस इस मामले में एक्सपर्ट की राय ले रही है और एफएसएल जांच भी करवाई जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि बच्ची के मुंह में विस्फोटक फटा या नहीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












