फिल्ममेकर अनुराग कश्यप इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। वह खुद से करीब 20 साल छोटी शुभ्रा शेट्टी को लंबे समय से डेट कर रहे हैं। हाल ही में दोनों ने एक इंटरव्यू में पहली बार अपने रिश्ते, शादी की प्लानिंग और उम्र के अंतर को लेकर होने वाली आलोचनाओं पर खुलकर बात की।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड के चर्चित फिल्ममेकर अनुराग कश्यप एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। अनुराग कश्यप ने हालिया बातचीत में अपनी गर्लफ्रेंड शुभरा शेट्टी के साथ रिश्ते, दोनों के बीच उम्र के अंतर और तीसरी शादी की संभावनाओं पर खुलकर बात की। फिल्ममेकर ने बताया कि वह अपने मौजूदा रिश्ते में खुश हैं और जिंदगी को लेकर उनकी प्राथमिकताएं पहले से काफी बदल चुकी हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 53 वर्षीय अनुराग कश्यप और 33 वर्षीय शुभरा शेट्टी के बीच करीब 20 साल का उम्र का अंतर है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और करीब एक दशक से उनके रिश्ते को लेकर चर्चा होती रही है। हालांकि शुभरा शेट्टी आमतौर पर लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं।
तीसरी शादी पर क्या बोले अनुराग कश्यप?
जेनिस सिकेरा के साथ बातचीत में अनुराग कश्यप से तीसरी शादी और शुभरा शेट्टी के साथ भविष्य को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उनकी गर्लफ्रेंड शादी की संस्था में विशेष विश्वास नहीं रखतीं और फिलहाल दोनों अपने रिश्ते में खुश हैं। अनुराग कश्यप ने कहा कि उनके लिए सबसे अहम बात यह है कि वह शुभरा के साथ खुश हैं और उनके साथ जिंदगी बिताना चाहते हैं। उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर कहा कि जिंदगी में हर चीज योजना के मुताबिक नहीं होती और इंसान को उस खुशी की कद्र करनी चाहिए जो उसे वर्तमान में मिली है।
फिल्ममेकर ने उम्र बढ़ने और रिश्तों से जुड़ी अपनी असुरक्षाओं पर भी दिलचस्प अंदाज में बात की। उन्होंने कहा कि वह खुद को स्वस्थ रखना चाहते हैं ताकि जिन लोगों से प्यार करते हैं, उनके साथ अधिक समय तक रह सकें। उनके अनुसार, भविष्य को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है, लेकिन वर्तमान में मिली खुशियों को संभालकर रखना भी उतना ही जरूरी है।
उम्र के अंतर को लेकर महसूस करते थे असहज

अनुराग कश्यप और शुभरा शेट्टी के रिश्ते में 20 साल के एज गैप को लेकर कई बार चर्चा हुई है। अनुराग ने स्वीकार किया कि एक समय ऐसा भी आया था जब वह इस अंतर की वजह से असहज महसूस करने लगे थे। उन्होंने बताया कि बाहरी प्रतिक्रियाओं और अपनी सोच के कारण उन्होंने कुछ समय के लिए रिश्ते से दूरी बनाने की कोशिश भी की थी।
फिल्ममेकर के मुताबिक, समय के साथ उन्हें उम्र के अंतर को लेकर ज्यादा सोचने की आदत होने लगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ती गई और शुभरा का व्यक्तित्व व लुक लगभग पहले जैसा बना रहा, वह खुद इस बात को लेकर अधिक सचेत और असहज महसूस करने लगे। हालांकि बाद में उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि किसी रिश्ते की मजबूती केवल उम्र या लोगों की राय से तय नहीं होनी चाहिए। उनके लिए आपसी खुशी, साथ और भावनात्मक जुड़ाव अधिक महत्वपूर्ण हैं।
कौन हैं शुभरा शेट्टी?
शुभरा शेट्टी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं और उन्होंने अनुराग कश्यप के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया है। वह अनुराग कश्यप की पूर्व प्रोडक्शन कंपनी फैंटम फिल्म्स से भी जुड़ी थीं। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में काम करने के बावजूद शुभरा कैमरों और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करती हैं।
अनुराग और शुभरा को पहली बार वर्ष 2015 के आसपास सार्वजनिक रूप से एक साथ देखा गया था। इसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हुईं और 2018 के आसपास दोनों ने अपने संबंध को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया। तब से दोनों के रिश्ते को लेकर समय-समय पर खबरें सामने आती रही हैं।
अनुराग कश्यप की दो शादियां हो चुकी हैं
शुभरा शेट्टी से पहले अनुराग कश्यप की दो शादियां हो चुकी हैं। उनकी पहली शादी फिल्म एडिटर आरती बजाज से हुई थी। दोनों का वर्ष 2009 में तलाक हो गया। इस शादी से अनुराग की एक बेटी भी है। इसके बाद अनुराग कश्यप ने अभिनेत्री कल्कि कोचलिन से शादी की थी। दोनों ने लंबे समय तक साथ रहने के बाद अपनी राहें अलग कर लीं और वर्ष 2015 में उनका तलाक हो गया।










