केंद्र सरकार ने अरावली पर्वत श्रृंखला को बचाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली से गुजरात तक नई खनन पट्टों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मौजूदा खदानों पर भी सख्त नियम लागू होंगे।
Rajasthan: अरावली पर्वत श्रृंखला को बचाने के लिए केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि अब अरावली क्षेत्र में किसी भी तरह की नई खनन लीज जारी नहीं की जाएगी। यह रोक दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान से लेकर गुजरात तक फैली पूरी अरावली श्रृंखला पर लागू होगी।
सरकार का उद्देश्य अरावली की प्राकृतिक संरचना को बचाना और वर्षों से चल रहे अवैध व अनियंत्रित खनन पर रोक लगाना है। मंत्रालय ने सभी संबंधित राज्यों को निर्देश दिए हैं कि वे इस फैसले का सख्ती से पालन करें।
विज्ञान आधारित योजना से होगा संरक्षण
पर्यावरण मंत्रालय ने इंडियन काउंसिल ऑफ फॉरेस्ट्री रिसर्च एंड एजुकेशन (ICFRE) को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। परिषद को निर्देश दिया गया है कि वह अरावली क्षेत्र में ऐसे नए इलाकों की पहचान करे, जहां खनन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा सके। ये क्षेत्र उन इलाकों के अतिरिक्त होंगे, जहां पहले से माइनिंग पर रोक लगी हुई है।
![]()
यह पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक आधार पर होगी। इसमें भूवैज्ञानिक स्थिति, पारिस्थितिकी तंत्र और लैंडस्केप स्तर के प्रभावों को ध्यान में रखा जाएगा। साथ ही, आईसीएफआरई को पूरी अरावली श्रृंखला के लिए एक सस्टेनेबल माइनिंग मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को भी कहा गया है।
इस योजना में पर्यावरण पर पड़ने वाले कुल प्रभावों का आकलन किया जाएगा। इसमें यह भी देखा जाएगा कि किसी क्षेत्र की पर्यावरणीय वहन क्षमता कितनी है, कौन-कौन से इलाके ज्यादा संवेदनशील हैं और उन्हें कैसे पुनर्स्थापित किया जा सकता है।
स्थानीय पर्यावरण और जैव विविधता को मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार का मानना है कि अरावली पर्वत श्रृंखला केवल पहाड़ों का समूह नहीं है, बल्कि यह पूरे उत्तर-पश्चिम भारत के पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाती है। अरावली मरुस्थलीकरण को रोकने, भूजल स्तर को बनाए रखने और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में मदद करती है।
खनन गतिविधियों के कारण पिछले कई वर्षों से यहां भूमि क्षरण, प्रदूषण और जल संकट जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। नए फैसले से इन समस्याओं पर लगाम लगने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, जो लंबे समय से खनन के दुष्प्रभाव झेल रहे हैं।
सरकार का कहना है कि माइनिंग फ्री और प्रतिबंधित क्षेत्रों का दायरा बढ़ने से वन्यजीवों का संरक्षण होगा और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत बनेगा।
चल रही खदानों पर भी सख्ती
नई खनन पट्टों पर रोक के साथ-साथ केंद्र सरकार ने मौजूदा खदानों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। राज्य सरकारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार सभी पर्यावरणीय नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
जो खदानें पहले से संचालित हैं, उन पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों का उल्लंघन करने वाली खदानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
सार्वजनिक परामर्श भी होगा शामिल
आईसीएफआरई द्वारा तैयार की जाने वाली सस्टेनेबल माइनिंग योजना को सार्वजनिक डोमेन में रखा जाएगा। इससे पर्यावरण विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से सुझाव लिए जा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य पारदर्शी और सहभागी प्रक्रिया के जरिए अरावली को संरक्षित करना है।











