Asian Games 2026: भारत और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल की जंग, स्पिन गेंदबाजी पर रहेगी नजर

Asian Games 2026: भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा फाइनल में शफाली वर्मा और भारतीय स्पिन गेंदबाजों पर खास नजर रहेगी

एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भारत और श्रीलंका की टीम आमने-सामने होंगी। भारतीय महिला टीम की नजर लगातार अपना दबदबा कायम रखते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर होगी, जबकि श्रीलंका की टीम गत चैंपियन को कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

स्पोर्ट्स न्यूज़: एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल मुकाबला मंगलवार, 22 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। दूसरी ओर, श्रीलंका की टीम भी मजबूत प्रदर्शन के साथ भारत को चुनौती देने और गोल्ड मेडल अपने नाम करने की कोशिश करेगी।

भारत और श्रीलंका के बीच यह मुकाबला जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन करके फाइनल तक पहुंची हैं।

भारत ने शानदार जीत के साथ बनाई फाइनल में जगह

भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत जापान के खिलाफ जीत से की थी। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 8 विकेट से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रनों के बड़े अंतर से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 195 रन बनाए थे। 

इस मुकाबले में शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन की पारी खेली। स्मृति मंधाना ने 37 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 40 रन का योगदान दिया। जवाब में बांग्लादेश की टीम 81 रन पर ऑलआउट हो गई। शेफाली वर्मा का मौजूदा फॉर्म भारत के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उनके साथ स्मृति मंधाना की मौजूदगी भारतीय शीर्ष क्रम को मजबूती देती है। वहीं, गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने अब तक प्रभावी प्रदर्शन किया है।

श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में बनाई जगह

श्रीलंका ने सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने कप्तान चमारी अटापट्टू की शानदार पारी की बदौलत मुकाबला अपने नाम कर लिया। अटापट्टू ने 50 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाए और टीम को सफल रन चेज तक पहुंचाया। यह श्रीलंका की महिला टीम के लिए टूर्नामेंट में अब तक का महत्वपूर्ण प्रदर्शन रहा है।

भारत के सामने अटापट्टू और श्रीलंका की चुनौती

भारत और श्रीलंका की टीमें हाल में भी आमने-सामने आ चुकी हैं। महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था। उस मुकाबले में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जबकि भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजी पर दबाव बनाया था।

हालांकि, फाइनल में श्रीलंका को कमतर आंकना भारत के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। चमारी अटापट्टू की आक्रामक बल्लेबाजी किसी भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती है। श्रीलंका को अपनी कप्तान से एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

स्पिन गेंदबाजी पर रहेगी नजर

भारतीय टीम की गेंदबाजी में स्पिन विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने टूर्नामेंट में प्रभाव छोड़ा है। तेज गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी जैसे विकल्प मौजूद हैं। बल्लेबाजी में भारत के पास स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष और जी कमालिनी जैसे विकल्प हैं। वहीं श्रीलंका की टीम में चमारी अटापट्टू के अलावा हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी और अनुष्का संजीवनी अहम भूमिका निभा सकती हैं।

दोनों टीमों का स्कॉड 

भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी कमालिनी, ऋचा घोष, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव।

श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना, मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुडी प्रबोदा, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेवांडी, निमाशा मीपागे, संजना काविंदी और अनुष्का संजीवनी।

India vs Sri Lanka Gold Medal Match: कब और कहां?

  • मुकाबला: भारत महिला बनाम श्रीलंका महिला, फाइनल
  • तारीख: 22 सितंबर 2026
  • स्थान: कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन, जापान
  • समय: सुबह 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार)

भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरे एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीतने पर होगी, जबकि श्रीलंका की टीम भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करके स्वर्ण पदक हासिल करना चाहेगी। 

Leave a comment