Asian Games 2026: श्रीलंका ने जीता क्रिकेट में ब्रॉन्ज मेडल, बांग्लादेश को 63 रन से हराया

Asian Games 2026 में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रन से हराकर पुरुष क्रिकेट का ब्रॉन्ज मेडल जीता। थारिंदु रत्नायके ने 65 रन की शानदार पारी खेली

एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट का ब्रॉन्ज मेडल श्रीलंका ने अपने नाम किया। ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 63 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

स्पोर्ट्स न्यूज़: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में श्रीलंका ने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती दौर में सिर्फ 12 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बावजूद थारिंदु रत्नायके की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाल दिया।

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 165 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 17.3 ओवर में 102 रन पर सिमट गई। इस तरह श्रीलंका ने 63 रन के अंतर से मुकाबला जीतकर एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

12 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में था श्रीलंका

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका के शीर्ष चार बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेज दिया। महज 12 रन के स्कोर पर चार विकेट गिरने के बाद श्रीलंका पर बड़ा संकट मंडरा रहा था।इसके बाद कप्तान सहान अराचचिगे ने 33 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। अशेन बंडारा ने भी 18 रन का योगदान दिया। हालांकि श्रीलंका को मुकाबले में मजबूत स्थिति तक पहुंचाने का काम थारिंदु रत्नायके ने किया।

थारिंदु रत्नायके ने बदला मैच का रुख

निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए थारिंदु रत्नायके ने बांग्लादेशी गेंदबाजों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में 65 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। रत्नायके की आक्रामक बल्लेबाजी ने श्रीलंका को शुरुआती झटकों से उबरने का मौका दिया। उनके दम पर टीम ने 20 ओवर में 165 रन का स्कोर खड़ा किया। एक समय 12 रन पर चार विकेट गंवाने वाली श्रीलंकाई टीम का 165 रन तक पहुंचना मुकाबले में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।

बांग्लादेश की तरफ से मेंहदी हसन सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 19 रन देकर दो विकेट लिए। कप्तान सैफ हसन और मुस्तफिजुर रहमान को भी दो-दो विकेट मिले। अलीस अल इस्लाम और रिशाद हुसैन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

बांग्लादेश की शुरुआत रही बेहद खराब

166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। उसके तीन प्रमुख बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम और लिटन दास श्रीलंकाई गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा और थारिंदु रत्नायके ने शुरुआती विकेट लेकर बांग्लादेश के रन चेज को मुश्किल बना दिया। 

इसके बाद परवेज हुसैन इमोन ने 20 रन और यासिर अली ने 21 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। नसुम अहमद ने 26 रन बनाए, लेकिन इनमें से कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सका।

102 रन पर सिमटी बांग्लादेशी टीम

श्रीलंकाई गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और बांग्लादेश की पारी 17.3 ओवर में 102 रन पर समाप्त हो गई। नुवान तुषारा ने 18 रन देकर दो विकेट लिए। थारिंदु रत्नायके ने गेंद से भी प्रभाव डालते हुए 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वानुजा सहान ने 17 रन देकर दो विकेट और विजयकांत वियास्कंत ने 26 रन देकर दो विकेट चटकाए। 

कप्तान सहान अराचचिगे और दुशान हेमंथा को भी एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ श्रीलंका ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में कांस्य पदक हासिल किया।

Leave a comment