आजमगढ़ के फूलपुर कस्बे में सोमवार दोपहर यूनियन बैंक की शाखा के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कैश वैन के सुरक्षा कर्मी की बंदूक से अचानक गोली चल गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कैश वैन का गार्ड बैंक में रुपए जमा कराने पहुंचा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय उसकी टक्कर एक बाइक सवार से हो गई। भिड़ंत में गार्ड के हाथ से उसकी राइफल छूटकर जमीन पर गिर पड़ी और गिरते ही ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई।
पास ही खड़े दो युवक — वैसादीहा निवासी संजय चौहान और लवकुश — गोली की चपेट में आ गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां संजय ने दम तोड़ दिया। लवकुश की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद कैश वैन और गार्ड मौके से चले गए, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बैंक के बाहर इस तरह लापरवाही खतरनाक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गार्ड तथा कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ की तैयारी है।









