बहराइच - जिले में कोडीन युक्त सिरप की अवैध बिक्री से जुड़ा बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि हजारों बोतल कोडीन सिरप के फर्जी बिल तैयार किए गए और इनमें कई ऐसी फर्मों के नाम इस्तेमाल किए गए, जो वर्षों से बंद हैं। मामले की जांच औषधि विभाग की टीम कर रही है।
जांच के दौरान सामने आया कि अग्रवाल मेडिकल स्टोर द्वारा बंद पड़ी फर्मों के नाम पर कोडीन सिरप की बड़ी खेप दर्शाई गई। कुछ फर्में करीब 10 साल से बंद हैं, जबकि उनके संचालकों ने सिरप की खरीद से साफ इनकार किया है। अधिकारियों ने संबंधित फर्म संचालकों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नवाबगंज क्षेत्र की वर्मा फार्मेसी के नाम पर एक ही दिन में 17,560 बोतल कोडीन सिरप की बिक्री का बिल दिखाया गया, जबकि फर्म संचालक ने शपथ पत्र देकर ऐसी किसी खरीद से इनकार किया है और फर्जी बिल बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
औषधि विभाग की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कोडीन सिरप की अवैध आपूर्ति को छिपाने के लिए नकली दस्तावेज और फर्जी बिक्री रिकॉर्ड तैयार किए गए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











