मध्य प्रदेश के बालाघाट में कुएं में बनी जहरीली गैस की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। राज्य में तीन दिन के भीतर यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसमें अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है।
बालाघाट: कुएं की जहरीली गैस ने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में दो किसानों की जान ले ली। मोटर पंप की मरम्मत के लिए कुएं में उतरे दोनों किसान दम घुटने और पानी में डूबने का शिकार हो गए। घटना के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर शव बाहर निकाले।
मोटर पंप निकालने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत दहेदी के पीपरटोला में कुएं के भीतर जहरीली गैस की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, खेत की सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पंप में खराबी आने के बाद दोनों किसान उसे ठीक करने के लिए कुएं में उतरे थे। इसी दौरान वे कथित तौर पर कुएं में बनी मीथेन गैस के प्रभाव में आ गए और दम घुटने के कारण पानी में गिर गए।
![]()
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय महेश भारत लाल चौधरी मरार और 55 वर्षीय युवराज चंदन लाल बिसेन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में गई जान
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब पहला किसान कुएं के भीतर बेहोश होकर गिरा तो दूसरा उसे बचाने के लिए नीचे उतरा। लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्रशासन का कहना है कि कुएं जैसे बंद स्थानों में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस बनने का खतरा रहता है। ऐसे स्थानों पर बिना सुरक्षा उपकरण और गैस जांच के उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
तीन दिन में तीसरी घटना, चार लोगों की जा चुकी है जान
मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों के दौरान कुएं में जहरीली गैस से जुड़ी यह तीसरी घटना है। इससे पहले भरवेली थाना क्षेत्र में एक किसान की मौत हुई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए थे। वहीं किरनापुर क्षेत्र में ही एक अन्य घटना में एक महिला की भी जान चली गई थी।
इन तीनों घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कुओं या अन्य बंद स्थानों में उतरने से पहले सुरक्षा मानकों का पालन करें। यदि कुएं में मोटर पंप या अन्य उपकरण खराब हो जाएं, तो पहले गैस और ऑक्सीजन की जांच कराएं तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ ही नीचे उतरें। अधिकारियों ने कहा है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाएगा।












