बांग्लादेश में हाल ही में संपन्न 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के बाद नई संसद की साख पर विवाद उठने लगे हैं। नागरिक संगठन ‘सुशासनर जनो नागरिक’ (शुजान) की रिपोर्ट के अनुसार, 43 नव-निर्वाचित सांसदों पर हत्या (धारा 302) के मामले दर्ज हैं, जबकि कुल 142 सांसद विभिन्न कानूनी मामलों में घिरे हुए हैं।
World News: बांग्लादेश में हाल ही में संपन्न 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के बाद नई सरकार के गठन से पहले ही उसकी साख पर सवाल उठने लगे हैं। एक प्रमुख नागरिक संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, नव-निर्वाचित 43 सांसदों पर हत्या (धारा 302) के मामले दर्ज हैं, जिससे राजनीतिक शुचिता और जवाबदेही को लेकर बहस तेज हो गई है।
स्थानीय मीडिया 'The Daily Star' ने शुक्रवार को बताया कि 'सुशासनर जनो नागरिक' (शुजान) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 42 सांसद पहले से ऐसे मामलों का सामना कर रहे थे, जबकि 12 सांसदों के खिलाफ पुराने और मौजूदा दोनों तरह के आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हत्या के मामलों में सांसदों की संख्या
रिपोर्ट के मुताबिक, 42 सांसद पहले से ही ऐसे मामलों का सामना कर रहे थे, जबकि 12 सांसदों पर पुराने और वर्तमान दोनों तरह के आपराधिक मामले चल रहे हैं। कुल 142 सांसद फिलहाल विभिन्न मुकदमों में उलझे हुए हैं, वहीं 185 सांसदों का अतीत में कानूनी विवादों से संबंध रहा है। इनमें से 95 सांसद ऐसे हैं जिन पर पुराने और वर्तमान दोनों तरह के मामले दर्ज हैं।
सबसे अधिक मुकदमों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के सांसद शामिल हैं। हालिया चुनाव में भारी जीत हासिल करने वाली बीएनपी के सांसदों में 50 प्रतिशत से अधिक पर वर्तमान में मामले लंबित हैं। इसके बाद जमात-ए-इस्लामी पार्टी के सांसद हैं, जिनमें लगभग 47 प्रतिशत कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं।
![]()
शिक्षा और पेशे की स्थिति
शुजान की रिपोर्ट में यह भी उजागर किया गया है कि नई संसद में उच्च शिक्षित सांसदों की संख्या कम है। 297 निर्वाचित सांसदों में केवल आठ के पास पीएचडी डिग्री है। वहीं, 138 सांसद स्नातकोत्तर, 93 स्नातक, 20 उच्च माध्यमिक और 17 सांसद केवल माध्यमिक स्तर तक शिक्षित हैं। पेशे के हिसाब से सांसदों की अधिकतर पृष्ठभूमि व्यवसाय से जुड़ी है। 182 सांसद (करीब 61 प्रतिशत) कारोबारी पृष्ठभूमि के हैं। इसके अलावा 36 वकील, 22 शिक्षक, 13 कृषक, आठ पेशेवर राजनेता, पांच सेवा क्षेत्र और 27 अन्य पेशों से जुड़े सांसद शामिल हैं।
संपत्ति के आंकड़े भी संसद की संरचना को दर्शाते हैं। 271 सांसदों की घोषित संपत्ति एक करोड़ टका से अधिक है, जबकि 187 के पास पांच करोड़ टका से अधिक संपत्ति है। बीएनपी के 209 सांसदों में से 201 करोड़पति हैं, वहीं जमात-ए-इस्लामी के 68 सांसदों में से 52 इस श्रेणी में आते हैं। नव-निर्वाचित सांसदों में अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधित्व की कमी भी देखने को मिली। 297 निर्वाचन क्षेत्रों में केवल 79 उम्मीदवार धार्मिक और जातीय अल्पसंख्यक समुदायों से थे, जिनमें से केवल चार जीत सके।









