बीकानेर गैंगरेप मामला: 9वीं की छात्रा की मौत, कीटनाशक पीकर उठाया आत्मघाती कदम

बीकानेर में गैंगरेप से आहत 9वीं की छात्रा ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की। पांच दिन अस्पताल में इलाज के बाद मौत, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार।

बीकानेर में गैंगरेप से आहत 9वीं की छात्रा ने कीटनाशक पी लिया। पांच दिन अस्पताल में इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा फरार है।

Rajasthan: पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 22 जनवरी को खाजूवाला क्षेत्र में हुई। दो युवकों ने नाबालिग छात्रा को कार में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

इस घटना से छात्रा मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई थी। वारदात के बाद वह गहरे सदमे में चली गई और किसी से खुलकर बात भी नहीं कर पा रही थी। पुलिस ने इस मामले में गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

सदमे में छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम

घटना के अगले दिन यानी 23 जनवरी को छात्रा ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने तुरंत उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया।

डॉक्टरों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा। छात्रा करीब पांच दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती रही। आखिरकार बुधवार (28 जनवरी) को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुदेश बिश्नोई, निवासी 5 पीएचएम ढाणी, को गिरफ्तार कर लिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। खाजूवाला सीओ अमरजीत सिंह चावल ने बताया कि मामले में एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। छात्रा के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 12 जनवरी को बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र में एक छात्रा के अपहरण और गैंगरेप का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a comment