जनवरी में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आने वाली है, जहां दोनों देशों के बीच पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज और उसके बाद पांच मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज खेली जाएगी। न्यूजीलैंड का यह भारत दौरा 11 जनवरी से शुरू होगा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम जनवरी 2026 में भारत के बहुप्रतीक्षित दौरे पर आने वाली है, जहां दोनों देशों के बीच सीमित ओवरों की रोमांचक क्रिकेट सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे में पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज और उसके बाद पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज आयोजित की जाएगी। भारत दौरे की शुरुआत 11 जनवरी से होगी। इससे पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने भारत दौरे के लिए अपनी वनडे और टी20 टीमों की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
हालांकि, स्क्वाड की घोषणा के बाद सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना है—केन विलियमसन का वनडे टीम में न होना। आइए विस्तार से जानते हैं कि आखिर भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में केन विलियमसन क्यों नहीं खेलेंगे।
कप्तानी में बदलाव, युवा और अनुभव का मिश्रण
न्यूजीलैंड ने भारत दौरे के लिए नेतृत्व में भी बदलाव किया है।
- वनडे टीम की कप्तानी माइकल ब्रेसवेल को सौंपी गई है।
- वहीं टी20 टीम की कमान मिचेल सेंटनर संभालेंगे।
दोनों ही फॉर्मेट में न्यूजीलैंड ने युवा खिलाड़ियों और अनुभवी सितारों का संतुलित संयोजन चुना है, जिससे टीम को भारत की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
![]()
केन विलियमसन वनडे टीम से क्यों बाहर?
न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान केन विलियमसन पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वह अभी भी वनडे प्रारूप में सक्रिय हैं। ऐसे में उनका भारत के खिलाफ वनडे टीम से बाहर होना कई क्रिकेट प्रशंसकों के लिए चौंकाने वाला रहा। दरअसल, केन विलियमसन की गैरमौजूदगी का कारण दक्षिण अफ्रीका की फ्रेंचाइज़ी लीग SA20 है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि विलियमसन SA20 लीग में अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बयान में कहा, SA20 लीग में खेलने की प्रतिबद्धता के चलते केन विलियमसन भारत के खिलाफ वनडे मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
दिलचस्प बात यह है कि SA20 लीग की शुरुआती नीलामी (ऑक्शन) में केन विलियमसन को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था। लेकिन बाद में डरबन सुपर जायंट्स ने बांग्लादेशी खिलाड़ी ताइजुल इस्लाम के स्थान पर विलियमसन को अपनी टीम में शामिल कर लिया। इसी वजह से उनकी उपलब्धता अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए प्रभावित हुई।
भारत दौरे के लिए न्यूजीलैंड की टीमें
वनडे टीम- माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, डिवोन कॉन्वे, ज़ैक फाउल्क्स, मिच हे, काइल जैमीसन, निक केली, जेडन लेनोक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रे और विल यंग।
टी20 टीम- मिचेल सेंटनर (कप्तान),माइकल ब्रेसवेल,, मार्क चैपमैन, डिवोन कॉन्वे, जैकब डफी, जैक फाउल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवन जैकब्स, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, टिम रॉबिन्सन और इश सोढ़ी।













