Google ने भारत में Android यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए Emergency Location Service (ELS) फीचर लॉन्च किया है। सबसे पहले यह सुविधा उत्तर प्रदेश में शुरू की गई है। ELS इमरजेंसी कॉल या SMS के दौरान यूजर की सटीक लोकेशन पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाओं तक पहुंचाता है, जिससे राहत कार्य तेज और सुरक्षित होता है।
Google Emergency Location Service: भारत में Android यूजर्स की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए Google ने Emergency Location Service (ELS) फीचर लॉन्च किया है। सबसे पहले यह सुविधा उत्तर प्रदेश में लागू की गई है, जहां राज्य पुलिस ने इसे इमरजेंसी नंबर 112 से इंटीग्रेट किया है। Android 6 और उससे नए वर्जन वाले डिवाइस में यह फीचर GPS, WiFi और मोबाइल नेटवर्क की मदद से कॉल या SMS के दौरान यूजर की लोकेशन ट्रैक करता है। इसका मकसद इमरजेंसी सेवाओं तक तेजी से मदद पहुंचाना और यूजर की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
क्या है Google Emergency Location Service
Google ने भारत में Android यूजर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए Emergency Location Service यानी ELS फीचर शुरू किया है। यह एक इमरजेंसी सेफ्टी फीचर है, जो किसी संकट की स्थिति में यूजर की सटीक लोकेशन इमरजेंसी सर्विस तक पहुंचाने में मदद करता है। Android फोन से जैसे ही इमरजेंसी नंबर पर कॉल या मैसेज किया जाता है, यह सिस्टम अपने आप लोकेशन शेयर कर देता है।
इस फीचर की खास बात यह है कि यूजर को अलग से कुछ करने की जरूरत नहीं होती। पुलिस, एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड तक लोकेशन तुरंत पहुंचने से राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सकता है।
![]()
सबसे पहले इस राज्य में हुई शुरुआत
Google Emergency Location Service को भारत में सबसे पहले उत्तर प्रदेश में लागू किया गया है। यह सुविधा Android 6 और उससे नए वर्जन वाले स्मार्टफोन्स के लिए उपलब्ध कराई गई है। हालांकि, इसे पूरी तरह काम करने के लिए राज्य की इमरजेंसी सर्विस अथॉरिटी को अपने सिस्टम में इसे इंटीग्रेट करना होता है।
उत्तर प्रदेश में राज्य पुलिस ने पर्ट टेलीकॉम सॉल्यूशंस के साथ मिलकर ELS को इमरजेंसी नंबर 112 से जोड़ दिया है। इसके बाद अब यूपी ऐसा पहला राज्य बन गया है, जहां Android यूजर्स इस फीचर का पूरा फायदा उठा सकते हैं।
कैसे काम करता है यह इमरजेंसी फीचर
Emergency Location Service यूजर की लोकेशन पता करने के लिए GPS, WiFi और मोबाइल नेटवर्क डेटा का इस्तेमाल करता है। कंपनी के मुताबिक, यह सिस्टम करीब 50 मीटर तक की सटीकता के साथ लोकेशन ट्रैक कर सकता है। यह सेवा पूरी तरह फ्री है और सिर्फ इमरजेंसी कॉल या SMS के दौरान ही एक्टिव होती है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि ELS यूजर की प्राइवेसी का भी ध्यान रखता है। सामान्य स्थिति में यह लोकेशन ट्रैक नहीं करता, बल्कि तभी काम करता है जब 112 जैसे इमरजेंसी नंबर पर संपर्क किया जाता है।










