Sridhar Vembu on AI: AI आराम देने के बजाय करा रहा ज्यादा मेहनत, जोहो के संस्थापक ने बताया अनुभव

जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बु ने बताया कि AI कैसे उनके काम करने का तरीका बदल रहा है। लंच से पहले भी AI को सौंपते हैं काम, जानें कोडिंग से जुड़ा अनुभव।
Sridhar Vembu on AI: AI आराम देने के बजाय करा रहा ज्यादा मेहनत, जोहो के संस्थापक ने बताया अनुभव

जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बु ने AI के इस्तेमाल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए हैं। उनका कहना है कि अब वह लंच, योग या टहलने जाने से पहले भी AI को काम सौंपकर जाते हैं।

Tech: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने लोगों के काम करने का तरीका काफी हद तक बदल दिया है। आमतौर पर माना जाता है कि AI के इस्तेमाल से काम का बोझ कम होगा और लोगों को आराम करने के लिए ज्यादा समय मिलेगा। हालांकि, भारतीय सॉफ्टवेयर कंपनी जोहो (Zoho) के संस्थापक श्रीधर वेम्बु का अनुभव इससे थोड़ा अलग है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि AI आने के बाद वह पहले से ज्यादा मेहनत करने लगे हैं।

लंच के वक्त भी खाली नहीं बैठता वेम्बु का AI

AI के इस्तेमाल को लेकर श्रीधर वेम्बु ने अपनी एक आदत के बारे में बताया। वह जब योग करने, टहलने या दोपहर का खाना खाने जाते हैं तो पहले AI को कोई लंबा काम सौंप देते हैं। इसके पीछे उनकी सोच यह है कि जितनी देर वह अपने दूसरे कामों में व्यस्त रहेंगे, उतनी देर में AI उनका कुछ काम कर देगा।

Sridhar Vembu on AI: AI आराम देने के बजाय करा रहा ज्यादा मेहनत, जोहो के संस्थापक ने बताया अनुभव

वेम्बु का कहना है कि अब अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें लंच के दौरान भी लगता है कि यह समय बेकार चला गया। वह इस अनुभव को AI के कारण बढ़ रही काम करने की आदत से जोड़कर देखते हैं।

कोडिंग का अनुभव भी किया साझा

कुछ दिनों पहले सफर के दौरान वेम्बु को सॉफ्टवेयर के एक जटिल कोड में सुधार करना था। उनके हिसाब से किसी अनुभवी प्रोग्रामर को इस काम में कम से कम एक महीना लगता। इस बार उन्होंने खुद पूरा काम करने के बजाय AI की मदद ली।

करीब घंटेभर में ही कोड के एक हिस्से में सुधार हो गया। वेम्बु ने बताया कि AI को उन्होंने काम का उद्देश्य समझाया था। आगे किस तरह काम करना है, इसकी योजना AI ने खुद बनाई। इतना ही नहीं, कोड में किए गए बदलावों को परखने के लिए उसने टेस्ट केस भी लिखे।

गैर तकनीकी क्षेत्र के व्यक्ति ने बनाया मोटर का डिजाइन

वेम्बु ने अपनी पोस्ट में एक ऐसे शख्स का जिक्र किया, जिसे तकनीकी क्षेत्र का अनुभव नहीं था। इस शख्स ने एक नए सॉफ्टवेयर और अपने निजी AI अकाउंट के जरिए मोटर हाउसिंग का CAD डिजाइन तैयार कर लिया।

मोटर हाउसिंग उस बाहरी ढांचे को कहते हैं, जिसके अंदर मोटर के कई हिस्से लगे होते हैं। इसका डिजाइन बनाने का काम आमतौर पर इंजीनियर करते हैं। वेम्बु ने इस उदाहरण के जरिए समझाया कि AI की मदद से अब दूसरे क्षेत्रों में काम करने वाले लोग भी तकनीकी काम कर पा रहे हैं।

औद्योगिक क्रांति का उदाहरण देकर समझाई अपनी बात

वेम्बु ने AI के असर को समझाने के लिए इतिहास का सहारा लिया। उन्होंने खेती करने वाले किसानों, कपड़ा बुनने वाले बुनकरों और लकड़ी व लोहे का काम करने वाले कारीगरों का उदाहरण दिया। औद्योगिक क्रांति के दौरान मशीनों के आने का सीधा असर इन लोगों के कामकाज पर पड़ा था।

वेम्बु का मानना है कि आज इंजीनियरों, गणितज्ञों और सॉफ्टवेयर प्रोग्रामरों के सामने भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। फर्क इतना है कि पहले मशीनों ने हाथ से किए जाने वाले कामों का तरीका बदला था और अब AI उन कामों में दखल दे रहा है, जिनमें इंसान की बौद्धिक क्षमता और तकनीकी ज्ञान की जरूरत होती है।

Leave a comment