Toyota Innova Hycross: टोयोटा ने पेश की देश की पहली E85 फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड कार, कीमत 19.99 लाख रुपये से शुरू

टोयोटा ने देश की पहली E85 फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड कार इनोवा हाईक्रॉस पेश की है। इसकी शुरुआती कीमत 19.99 लाख रुपये है जानें कार की खासियतें। टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भारत में पहली E85 फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इनोवा हाइक्रॉस पेश की है। यह कार 85 फीसदी तक एथेनॉल मिश्रित ईंधन से चल सकेगी। इसकी शुरुआती कीमत 19.99 लाख रुपये बताई गई है।

टेक न्यूज़: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में पेट्रोल और डीजल के विकल्प के तौर पर एक नई तकनीक सामने आई है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने बुधवार को फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इलेक्ट्रिक इनोवा हाइक्रॉस पेश की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और कंपनी के सीईओ मसाकाजु योशिमुरा इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। नई इनोवा में एथेनॉल मिश्रित ईंधन से चलने वाले इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी का इस्तेमाल किया गया है।

E20 से E85 तक के ईंधन पर चलेगी नई इनोवा

टोयोटा की नई इनोवा हाइक्रॉस में फ्लेक्स-फ्यूल इंजन दिया गया है। इसकी खासियत यह है कि इसमें अलग-अलग अनुपात में एथेनॉल मिला पेट्रोल इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी की यह कार E20 से E85 तक के ईंधन पर चलने में सक्षम है। E85 ईंधन में 85 फीसदी एथेनॉल और 15 फीसदी पेट्रोल होता है। वहीं, E20 में एथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी होती है। इस तकनीक के इस्तेमाल से पेट्रोल की खपत घटाने में मदद मिल सकती है।

भारत में एथेनॉल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर लंबे समय से काम किया जा रहा है। ऐसे में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की उपलब्धता ग्राहकों को ईंधन का एक और विकल्प दे सकती है।

हाइब्रिड तकनीक से कैसे होगा फायदा?

नई इनोवा में फ्लेक्स-फ्यूल इंजन के साथ हाइब्रिड इलेक्ट्रिक तकनीक भी इस्तेमाल की गई है। इसमें इंजन, इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी मिलकर काम करते हैं। जरूरत और ड्राइविंग की परिस्थितियों के अनुसार कार कुछ समय के लिए इलेक्ट्रिक पावर पर भी चल सकती है। हाइब्रिड सिस्टम ईंधन की खपत और वाहन से निकलने वाले उत्सर्जन को कम करने में मदद कर सकता है। हालांकि, कार का वास्तविक माइलेज और ईंधन पर होने वाला खर्च सड़क की स्थिति, ड्राइविंग के तरीके और इस्तेमाल किए जाने वाले ईंधन पर निर्भर करेगा।

डिजाइन और इंटीरियर में क्या मिलेगा नया?

Toyota Innova Hycross: टोयोटा ने पेश की देश की पहली E85 फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड कार, कीमत 19.99 लाख रुपये से शुरू

नई इनोवा हाइक्रॉस के बाहरी डिजाइन में भी बदलाव किए गए हैं। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड एलईडी हेडलाइट्स और नए बंपर देखने को मिलेंगे। कार के पिछले हिस्से की लाइटिंग में भी बदलाव किया गया है। केबिन में 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसमें वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और नौ स्पीकर वाला JBL ऑडियो सिस्टम भी इसके प्रमुख फीचर्स में शामिल हैं।

हाइब्रिड वेरिएंट में 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा। चुनिंदा वेरिएंट में दूसरी पंक्ति के यात्रियों के लिए पावर्ड ऑटोमन सीट्स की सुविधा भी दी गई है।

कितनी है नई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस की कीमत?

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड के G Hybrid वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है। इसमें सात और आठ सीटों का विकल्प मिलेगा। GX Hybrid के सात सीटर मॉडल की कीमत 23.99 लाख रुपये और आठ सीटर मॉडल की कीमत 24.04 लाख रुपये बताई गई है। 

वहीं, VX Hybrid के सात सीटर वेरिएंट की कीमत 28.79 लाख रुपये और आठ सीटर वेरिएंट की कीमत 28.84 लाख रुपये है। टॉप मॉडल ZX Hybrid सात सीटर की कीमत 31.99 लाख रुपये बताई गई है।

सीएनजी और इलेक्ट्रिक के बाद एथेनॉल का बढ़ता इस्तेमाल

भारत में वैकल्पिक ईंधन से चलने वाले वाहनों का सफर कई दशक पुराना है। वर्ष 1999 के आसपास दिल्ली में सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल बढ़ना शुरू हुआ था। शुरुआती वर्षों में पेट्रोल कारों में अलग से सीएनजी किट लगाई जाती थी। बाद में वाहन निर्माता कंपनियों ने फैक्ट्री फिटेड सीएनजी मॉडल बाजार में उतारे। मई 2001 में बेंगलुरु की कंपनी रेवा ने व्यावसायिक इलेक्ट्रिक कार पेश की थी। अब फ्लेक्स-फ्यूल और हाइब्रिड तकनीक के जरिए ग्राहकों को एक और विकल्प मिलने की उम्मीद है।

Leave a comment