चीन वर्ष 2030 तक अगली पीढ़ी का कम्युनिकेशन नेटवर्क विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसमें 5G-A, 6G, 10-गीगाबिट ऑप्टिकल नेटवर्क और सैटेलाइट इंटरनेट को एक साथ जोड़ने की योजना है।
Tech: दुनिया के कई देशों में अभी 5G नेटवर्क का विस्तार हो रहा है, वहीं चीन ने अगली पीढ़ी की कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी पर काम शुरू कर दिया है। सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन वर्ष 2030 तक ऐसा नेटवर्क विकसित करना चाहता है, जिसकी पहुंच जमीन से लेकर अंतरिक्ष और समुद्र तक हो। इस योजना में 6G, 5G-Advanced, सैटेलाइट इंटरनेट और हाई-स्पीड ऑप्टिकल नेटवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
साल 2030 तक कम्युनिकेशन नेटवर्क की तस्वीर बदलने की तैयारी
चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, साइबरस्पेस एडमिनिस्ट्रेशन और राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग ने मिलकर अगली पीढ़ी के कम्युनिकेशन नेटवर्क से जुड़ी योजना तैयार की है। इसके तहत इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने के साथ नेटवर्क कवरेज और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
![]()
चीन की योजना अंतरिक्ष आधारित नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने की भी है, जिससे भविष्य में वैश्विक स्तर पर इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाने की तैयारी है।
जमीन से लेकर अंतरिक्ष और समुद्र तक पहुंचेगा नेटवर्क
मौजूदा मोबाइल नेटवर्क का इस्तेमाल मुख्य रूप से लोगों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को आपस में जोड़ने के लिए किया जाता है। अगली पीढ़ी के नेटवर्क का दायरा इससे कहीं बड़ा होगा। इसमें मशीनों, स्मार्ट डिवाइस और AI आधारित एजेंट्स को भी आपस में जोड़ने की योजना है।
सैटेलाइट इंटरनेट की मदद से उन इलाकों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने पर काम किया जाएगा, जहां सामान्य मोबाइल टावर या ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क लगाना मुश्किल होता है। इनमें दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्र और समुद्री इलाके भी शामिल हो सकते हैं।
तेज इंटरनेट के साथ कम होगी लेटेंसी
चीन की इस योजना में इंटरनेट स्पीड के अलावा लेटेंसी कम करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आसान भाषा में समझें तो किसी डिवाइस से भेजी गई जानकारी के दूसरे डिवाइस तक पहुंचने में लगने वाले समय को लेटेंसी कहा जाता है।
AI और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक पर रहेगा जोर
चीन अपने नए कम्युनिकेशन नेटवर्क में AI का व्यापक इस्तेमाल करना चाहता है। इसकी मदद से नेटवर्क पर बढ़ते डेटा ट्रैफिक को संभालने, तकनीकी समस्याओं की पहचान करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिल सकती है।
योजना में घरेलू, अंतरराष्ट्रीय और सैटेलाइट नेटवर्क के बीच तालमेल बढ़ाने के साथ साइबर सुरक्षा को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया गया है। नेटवर्क संचालन में बिजली की खपत कम करने और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों को अपनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।










