Microsoft Code Red: ग्लोबल आउटेज के बाद माइक्रोसॉफ्ट बदलेगा अपना तकनीकी सिस्टम, एक घंटे में सेवा बहाली का लक्ष्य

माइक्रोसॉफ्ट ने 24 घंटे के ग्लोबल आउटेज के बाद कोड रेड घोषित किया है। कंपनी तकनीकी सिस्टम में सुधार करेगी और एक घंटे में सेवाएं बहाल करने का लक्ष्य रखेगी।

नवंबर में करीब 24 घंटे तक सेवाएं बाधित रहने के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने कंपनी के भीतर 'कोड रेड' घोषित किया है। अब कंपनी का जोर तकनीकी खामियों को जल्द पहचानने और कम समय में सेवाएं बहाल करने पर रहेगा।

Tech: नवंबर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी के चलते दुनियाभर में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। कहीं सरकारी कार्यालयों का काम अटक गया तो कहीं कंपनियों के कर्मचारी ईमेल तक नहीं भेज पा रहे थे। करीब 24 घंटे तक चली इस परेशानी के बाद अब माइक्रोसॉफ्ट अपने इंजीनियरिंग सिस्टम में बदलाव करने जा रहा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, कंपनी ने इसके लिए आंतरिक स्तर पर 'कोड रेड' घोषित किया है। माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला भी इस घटना को लेकर सार्वजनिक तौर पर माफी मांग चुके हैं।

जुलाई की तकनीकी खामी नवंबर में बनी बड़ी परेशानी

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में 12 और 13 नवंबर को आई दिक्कत का असर अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में पड़ा था। एयरलाइंस के संचार संबंधी काम प्रभावित हुए थे। सरकारी कार्यालयों और वित्तीय कारोबार से जुड़ी कंपनियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा था।

आउटेज के दौरान Outlook, Exchange Online, Teams, Copilot AI और Microsoft 365 की कई सेवाएं प्रभावित हुई थीं।

Microsoft Code Red: ग्लोबल आउटेज के बाद माइक्रोसॉफ्ट बदलेगा अपना तकनीकी सिस्टम, एक घंटे में सेवा बहाली का लक्ष्य

कंपनी के अनुसार, इस परेशानी की जड़ विंडोज सिस्टम में जुलाई के दौरान आई एक तकनीकी खामी थी। उस समय इसका पता नहीं चल पाया था। माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी साफ किया कि सेवाएं ठप होने के पीछे किसी साइबर हमले या AI एजेंट का हाथ नहीं था।

रॉयटर्स के हाथ लगे कंपनी के आंतरिक दस्तावेजों में Microsoft 365 Core के अध्यक्ष जेसन हेंडरसन ने इसे Exchange Online के इतिहास में ग्राहकों को प्रभावित करने वाली सबसे गंभीर घटना बताया है।

इंजीनियरों ने 11 हजार से ज्यादा मैसेज भेजे, फिर भी हुई देरी

आउटेज के दौरान माइक्रोसॉफ्ट के अनुभवी इंजीनियर समस्या को ठीक करने में लगे हुए थे। लेकिन उनके सामने एक अलग तरह की परेशानी थी। खराबी से जुड़ी जरूरी जानकारियां एक जगह उपलब्ध नहीं थीं।

कंपनी की कॉरपोरेट वाइस प्रेसिडेंट अमांडा सिल्वर ने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक मेमो में इसका जिक्र किया है। खराबी दूर करने में जुटे इंजीनियरों के बीच Teams की 11 अलग-अलग चैट में 11 हजार से ज्यादा मैसेज भेजे गए थे।

इतने मैसेज के बीच जरूरी जानकारी ढूंढना और उसके आधार पर फैसला लेना मुश्किल हो रहा था। अब कंपनी इस पूरी व्यवस्था को बदलने की तैयारी कर रही है। इसके लिए ही 'कोड रेड' घोषित किया गया है, जिसके तहत तकनीकी सुधार के काम को प्राथमिकता दी जाएगी।

अब 24 घंटे नहीं, एक घंटे में सेवाएं ठीक करने की कोशिश

माइक्रोसॉफ्ट ने तकनीकी सुधार के लिए पांच प्रमुख कार्यक्षेत्र चुने हैं। कंपनी सर्वर पर बढ़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम करने और अलग-अलग देशों तथा क्षेत्रों के नेटवर्क ट्रैफिक को संभालने की व्यवस्था पर काम करेगी।

इसके अलावा इंजीनियरों को खराबी का पता लगाने में ज्यादा समय न लगे, इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद लेने की योजना भी है। AI एजेंट तकनीकी डेटा की जांच करने और जरूरी जानकारी तलाशने में इंजीनियरों की सहायता कर सकेंगे।

कंपनी चाहती है कि आगे कभी इस तरह की बड़ी परेशानी आए तो ग्राहकों को सेवाएं दोबारा इस्तेमाल करने के लिए घंटों इंतजार न करना पड़े। इसके लिए एक घंटे के भीतर सेवाएं बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है।

सॉफ्टवेयर अपडेट पहुंचाने में भी लग रहे कई दिन

माइक्रोसॉफ्ट के आंतरिक दस्तावेजों में एक और समस्या का उल्लेख किया गया है। एक अलग घटना में जरूरी सॉफ्टवेयर पैच दुनियाभर के सिस्टम तक पहुंचाने में पांच से छह दिन लग गए थे। कंपनी इस प्रक्रिया में होने वाली देरी को भी कम करना चाहती है।

आज बड़ी संख्या में सरकारी कार्यालयों, बैंकों और निजी कंपनियों का रोजमर्रा का काम क्लाउड सेवाओं पर निर्भर है। ऐसे में किसी एक बड़ी टेक कंपनी के सिस्टम में खराबी आने से कई देशों में कामकाज प्रभावित हो सकता है।

माइक्रोसॉफ्ट के सामने अब चुनौती अपने तकनीकी सिस्टम को बेहतर बनाने के साथ ग्राहकों का भरोसा कायम रखने की भी है। कंपनी के 'कोड रेड' अभियान से जुड़े बदलावों पर आने वाले दिनों में नजर रहेगी।

Leave a comment