BharatGen ने नया स्वदेशी AI मॉडल Patram 1.5 लॉन्च किया है। यह हाथ से लिखे दस्तावेज, मेडिकल रिपोर्ट, स्कैन किए गए फॉर्म, मुहर और अलग-अलग भाषाओं में लिखी जानकारी पढ़ने में सक्षम है।
Tech: भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम कर रहे BharatGen ने अपना नया विजन-लैंग्वेज मॉडल Patram 1.5 लॉन्च किया है। इसे खासतौर पर भारतीय दस्तावेजों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह AI मॉडल हाथ से लिखे पुराने दस्तावेजों के अलावा स्कैन की गई फाइलों, हस्ताक्षर, मुहर और अलग-अलग भाषाओं में दर्ज जानकारी को समझ सकता है। इसे Hugging Face और BharatGen Playground पर उपलब्ध कराया गया है।
भारतीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया AI मॉडल
बैंकों, अस्पतालों, बीमा कंपनियों और सरकारी कार्यालयों में आज भी बड़ी संख्या में कागजी दस्तावेजों का इस्तेमाल होता है। इनमें कई फॉर्म हाथ से भरे जाते हैं, जबकि कुछ दस्तावेजों में हिंदी, अंग्रेजी और अन्य भारतीय भाषाओं का इस्तेमाल होता है। ऐसे दस्तावेजों से जरूरी जानकारी निकालने में अक्सर काफी समय लगता है।
![]()
BharatGen ने इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए Patram 1.5 तैयार किया है। इसके विकास में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के IndiaAI मिशन का सहयोग रहा है।
यह सात अरब पैरामीटर वाला ओपन-वेट AI मॉडल है। इसका इस्तेमाल दस्तावेजों से जरूरी जानकारी निकालने और उन्हें डिजिटल रूप में व्यवस्थित करने के लिए किया जा सकता है।
दस्तावेजों में लिखे शब्दों के अलावा मुहर और टेबल भी समझेगा
Patram 1.5 की खासियत यह है कि यह किसी दस्तावेज को केवल लिखे हुए शब्दों के आधार पर नहीं पढ़ता। यह पूरे पन्ने को एक तस्वीर के रूप में देखकर उसमें मौजूद जानकारी को समझने की कोशिश करता है। इसमें टेबल, चार्ट, डायग्राम, हस्ताक्षर और मुहर जैसी चीजें भी शामिल हैं।
मॉडल में OCR 3.0 की सुविधा दी गई है। सामान्य OCR तकनीक किसी दस्तावेज में लिखे पूरे टेक्स्ट को डिजिटल रूप में बदल देती है। वहीं, Patram 1.5 में यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से किसी खास जानकारी के बारे में सवाल पूछ सकते हैं।
यदि दस्तावेज का कोई हिस्सा धुंधला है या किसी कॉलम में जानकारी नहीं भरी गई है, तो मॉडल अनुमान लगाने के बजाय जानकारी उपलब्ध नहीं होने की बात बता सकता है।
49 अलग-अलग टेस्ट में परखी गई मॉडल की क्षमता
BharatGen के मुताबिक, Patram 1.5 की क्षमता जांचने के लिए कुल 49 टेस्ट किए गए। इनमें 34 सार्वजनिक बेंचमार्क और भारतीय दस्तावेजों पर आधारित 15 विशेष टास्क शामिल थे। इन विशेष परीक्षणों के लिए भारतीय दस्तावेजों के 8,773 पन्नों का इस्तेमाल किया गया।
इसके प्रदर्शन की तुलना 20 अन्य बड़े AI मॉडल और सात OCR सिस्टम के साथ भी की गई है।
सात अरब पैरामीटर वाला यह मॉडल अपेक्षाकृत कम आकार का है। ऐसे में बैंक, अस्पताल और सरकारी विभाग जरूरी तकनीकी संसाधन होने पर इसे अपने सर्वर पर भी चला सकते हैं। इससे संवेदनशील दस्तावेजों को बाहरी सर्वर पर भेजने की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि, डेटा की सुरक्षा संस्थान के सुरक्षा इंतजामों पर भी निर्भर करेगी।
Patram 1.5 का इस्तेमाल कैसे करें?
आम यूजर BharatGen Playground पर जाकर इस AI मॉडल का इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां दस्तावेज या उसकी तस्वीर अपलोड करने के बाद चैट के माध्यम से उससे जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं। प्लेटफॉर्म पर दस्तावेजों से डेटा निकालने, उन्हें एडिट करने और अलग-अलग हिस्सों में बांटने की सुविधाएं भी दी गई हैं।
डेवलपर्स के लिए यह मॉडल Hugging Face पर उपलब्ध है। BharatGen के सीईओ ऋषि बाल के मुताबिक, दस्तावेजों से जुड़े कामों के लिए केवल एक AI मॉडल पर्याप्त नहीं होता। इसी वजह से प्लेटफॉर्म पर मॉडल के साथ कई तरह के वर्कफ्लो भी उपलब्ध कराए गए हैं।
Patram 1.5 की सुविधाओं और इसके इस्तेमाल से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यूजर BharatGen के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जा सकते हैं।











