Instagram for TV: अब टीवी पर देख सकेंगे इंस्टाग्राम रील्स और स्टोरीज, भारत में जल्द लॉन्च होगा नया ऐप

इंस्टाग्राम जल्द ही भारत में टीवी के लिए नया ऐप लॉन्च करेगा। यूजर्स बड़ी स्क्रीन पर रील्स और स्टोरीज देख सकेंगे। जानें नए ऐप की खासियत।टीवी पर इंस्टाग्राम रील्स
Instagram for TV: अब टीवी पर देख सकेंगे इंस्टाग्राम रील्स और स्टोरीज, भारत में जल्द लॉन्च होगा नया ऐप

मेटा जल्द ही भारत में इंस्टाग्राम फॉर टीवी ऐप लॉन्च करने वाली है। इसकी मदद से यूजर्स बड़ी स्क्रीन पर रील्स, स्टोरीज और तस्वीरें देख सकेंगे। एक टीवी पर पांच इंस्टाग्राम अकाउंट जोड़ने की सुविधा भी मिलेगी।

टेक न्यूज़: इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करने के लिए अब हर बार मोबाइल फोन उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मेटा अपने इस लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को टीवी स्क्रीन तक पहुंचाने की तैयारी में है। कंपनी ने मुंबई में आयोजित सालाना क्रिएटर इवेंट 'हाउस ऑफ इंस्टाग्राम' के दौरान नए टीवी ऐप की घोषणा की है। भारत में आने वाले कुछ दिनों में इसे यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

परिवार और दोस्तों के साथ देख सकेंगे रील्स

अभी तक ज्यादातर लोग स्मार्टफोन पर ही इंस्टाग्राम रील्स और स्टोरीज देखते हैं। कई बार कोई मजेदार वीडियो मिलने पर लोग अपना फोन दूसरों को दिखाते हैं या वीडियो का लिंक शेयर करते हैं। मेटा अब इस अनुभव को बदलना चाहती है। कंपनी के मुताबिक, यूजर्स से मिले सुझावों के आधार पर टीवी के लिए इंस्टाग्राम ऐप तैयार किया गया है। 

इसका मकसद लोगों को अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के वीडियो परिवार और दोस्तों के साथ बड़ी स्क्रीन पर देखने की सुविधा देना है। घर में बैठे लोग रिमोट की मदद से अपनी पसंद का कंटेंट भी चुन सकेंगे।

किन स्मार्ट टीवी पर उपलब्ध होगा इंस्टाग्राम?

इंस्टाग्राम का नया ऐप शुरुआत में चुनिंदा स्मार्ट टीवी और स्ट्रीमिंग डिवाइस के लिए उपलब्ध होगा। एप्पल टीवी (Apple TV), अमेजन फायर टीवी (Amazon Fire TV) और गूगल टीवी (Google TV) को सपोर्ट करने वाले डिवाइस पर इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। ऐप उपलब्ध होने के बाद यूजर्स इसे अपने टीवी के ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकेंगे। 

इसके लिए अलग से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स अपने पुराने अकाउंट से ही लॉगिन कर पाएंगे। मोबाइल पर मौजूद इंस्टाग्राम ऐप की सेटिंग्स के जरिए भी टीवी वाले अनुभव तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

Instagram for TV: अब टीवी पर देख सकेंगे इंस्टाग्राम रील्स और स्टोरीज, भारत में जल्द लॉन्च होगा नया ऐप

रील्स के अलावा तस्वीरें और स्टोरीज भी दिखेंगी

भारत में लॉन्च होने वाले इंस्टाग्राम फॉर टीवी ऐप में मुख्य रूप से रील्स और स्टोरीज देखने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा किसी क्रिएटर की प्रोफाइल पर मौजूद तस्वीरें और एक साथ कई तस्वीरों वाली पोस्ट भी देखी जा सकेंगी। कुछ रील्स को टीवी की चौड़ी स्क्रीन के अनुसार हॉरिजॉन्टल फॉर्मेट में देखने का विकल्प भी मिलेगा। हालांकि, सभी वीडियो इसी फॉर्मेट में दिखाई दें, यह जरूरी नहीं है। बड़ी स्क्रीन पर वीडियो देखने का अनुभव उसके मूल फॉर्मेट पर भी निर्भर करेगा।

बिना स्क्रॉल किए अपने आप चलेंगी रील्स

मोबाइल पर इंस्टाग्राम इस्तेमाल करते समय अगली रील देखने के लिए स्क्रीन को ऊपर की ओर स्वाइप करना पड़ता है। टीवी ऐप में यह व्यवस्था थोड़ी अलग होगी। यहां एक रील खत्म होने के बाद दूसरी रील अपने आप चलने लगेगी। यूजर्स टीवी के रिमोट से वीडियो को कंट्रोल कर सकेंगे। हालांकि, ऑटो-स्क्रॉल से जुड़े विकल्प ऐप के अलग-अलग वर्जन में बदल सकते हैं। कंपनी ने टीवी पर वीडियो देखने के तरीके को ध्यान में रखते हुए इसका इंटरफेस तैयार किया है।

मेटा ने घर के अलग-अलग सदस्यों की पसंद का भी ध्यान रखा है। एक टीवी ऐप में अधिकतम पांच इंस्टाग्राम अकाउंट जोड़ने की सुविधा मिलेगी। इससे परिवार के सदस्यों को अपना पसंदीदा कंटेंट देखने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के अकाउंट का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा।

Leave a comment