वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारत का अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वह वर्तमान में मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमांड के कमांडर के रूप में कार्यरत हैं। वे मौजूदा नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी की जगह लेंगे और 31 मई को आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।
नई दिल्ली: भारत सरकार ने अनुभवी नौसेना अधिकारी कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक घोषणा के अनुसार, वर्तमान में पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन 31 मई 2026 को मौजूदा नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी का स्थान लेंगे।
करीब चार दशकों के लंबे सैन्य अनुभव के साथ स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना के सबसे अनुभवी और रणनीतिक अधिकारियों में गिना जाता है। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली के विशेषज्ञ माने जाने वाले स्वामीनाथन ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण युद्धपोतों और रणनीतिक अभियानों का नेतृत्व किया है।
1987 में नौसेना में हुए थे शामिल
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था। अपने शुरुआती वर्षों से ही उन्होंने तकनीकी दक्षता, रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता के कारण अलग पहचान बनाई। उन्होंने नौसेना के कई प्रमुख युद्धपोतों की कमान संभाली, जिनमें मिसाइल पोत INS विद्युत, INS विनाश, मिसाइल कार्वेट INS कुलिश, गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS मैसूर और भारत के प्रमुख विमानवाहक पोत INS विक्रमादित्य शामिल हैं।
INS विक्रमादित्य की कमान संभालना उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जाता है, क्योंकि यह भारतीय नौसेना की सामरिक शक्ति और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री उपस्थिति का प्रमुख प्रतीक है।
संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के विशेषज्ञ
![]()
स्वामीनाथन को कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर का विशेषज्ञ माना जाता है। आधुनिक नौसैनिक युद्ध में इलेक्ट्रॉनिक निगरानी, साइबर सुरक्षा और नेटवर्क आधारित युद्ध तकनीकों की बढ़ती भूमिका को देखते हुए उनका अनुभव भारतीय नौसेना के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि उनके नेतृत्व में भारतीय नौसेना तकनीकी आधुनिकीकरण, समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारियों को और मजबूत कर सकती है।
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन ने अक्टूबर 2023 में चीफ ऑफ पर्सनल का पद संभाला था। बाद में उन्हें मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान की जिम्मेदारी दी गई, जो भारतीय नौसेना की सबसे महत्वपूर्ण परिचालन कमानों में से एक मानी जाती है। पश्चिमी समुद्री सीमा की सुरक्षा, अरब सागर में निगरानी और सामरिक अभियानों की जिम्मेदारी इसी कमान के पास होती है। उनके कार्यकाल के दौरान नौसेना की परिचालन क्षमता और प्रशिक्षण संरचना को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
नौसेना प्रशिक्षण और सुरक्षा सुधारों में अहम योगदान
फ्लैग रैंक अधिकारी बनने के बाद उन्होंने कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान में चीफ स्टाफ ऑफिसर (ट्रेनिंग) के रूप में भी कार्य किया। इस दौरान उन्होंने नौसेना प्रशिक्षण प्रणाली को आधुनिक बनाने और सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने “इंडियन नेवी सेफ्टी टीम” की स्थापना का नेतृत्व भी किया, जिसका उद्देश्य नौसेना में परिचालन सुरक्षा मानकों की निगरानी और सुधार करना था।
इसके अलावा उन्होंने फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग वेस्टर्न फ्लीट और ऑफशोर डिफेंस एडवाइजरी ग्रुप जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दीं।
अंतरराष्ट्रीय सैन्य शिक्षा और शैक्षणिक उपलब्धियां
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने भारत और विदेश के कई प्रतिष्ठित सैन्य संस्थानों से उच्च स्तरीय रणनीतिक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने ब्रिटेन के जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, अमेरिका के यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वॉर कॉलेज और भारत के कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर से विशेष सैन्य शिक्षा हासिल की।
शैक्षणिक रूप से भी उनका रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उनके पास अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में पीएचडी, सामरिक अध्ययन में एमफिल, रक्षा अध्ययन में मास्टर्स और दूरसंचार में एमएससी की डिग्रियां हैं। राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट सेवा के लिए वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को ‘अति विशिष्ट सेवा पदक’ (AVSM) और ‘विशिष्ट सेवा पदक’ (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।












