भारत को मिली 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी, अहमदाबाद में होंगे खेल

भारत को मिली 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी, अहमदाबाद में होंगे खेल

भारत को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी अधिकारिक रूप से सौंप दिया गया है। यह 2010 के बाद पहला अवसर है जब भारत इन खेलों का आयोजन करेगा। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित होने वाले ये खेल, राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में एक विशेष महत्व रखते हैं।

Commonwealth Games: भारत को 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार मिल गया है और ये खेल गुजरात के अहमदाबाद में कराए जाएंगे। ग्लास्गो में बुधवार को हुई राष्ट्रमंडल खेल आमसभा की बैठक के दौरान भारत को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी आधिकारिक तौर पर सौंपी गई। यह 2010 के बाद पहला अवसर है जब भारत इन खेलों की मेजबानी करेगा; 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों का आयोजन कराया गया था।

आम सभा ने लगाई मुहर

राष्ट्रमंडल खेलों की 74 सदस्यीय आम सभा ने भारत की मेजबानी प्रस्ताव को मंजूरी दी। अहमदाबाद को पहले कार्यकारी बोर्ड द्वारा अनुशंसित किया गया था। भारत का प्रतिनिधित्व संयुक्त सचिव (खेल) कुणाल, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा, और गुजरात के खेल मंत्री हर्ष संघवी सहित अन्य अधिकारियों ने किया।

कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे ने कहा कि भारत राष्ट्रमंडल खेलों में पैमाना, युवा ऊर्जा, महत्वाकांक्षा और समृद्ध संस्कृति लेकर आया है। उन्होंने इसे राष्ट्रमंडल खेलों के “नए स्वर्ण युग” की शुरुआत बताया। अहमदाबाद को मेजबानी के लिए चुने जाने से पहले नाइजीरिया का अबुजा भी दौड़ में शामिल था। हालांकि, भारत की बाज़ी मारने की सफलता ने इसे अहमदाबाद की ओर टिका दिया। 2034 के खेलों के लिए अबुजा पर विचार जारी रहेगा।

पीटी उषा का आभार

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने मेजबानी मिलने पर खुशी जताई और कहा कि यह विश्वास भारत के लिए सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि 2030 के खेल न केवल राष्ट्रमंडल मूवमेंट की 100वीं वर्षगांठ मनाएंगे, बल्कि अगली सदी के लिए नींव भी रखेंगे। पहला राष्ट्रमंडल खेल 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में आयोजित हुआ था। 2010 में भारत ने नई दिल्ली में इन खेलों की मेजबानी की थी। अहमदाबाद 2030 में इसका शताब्दी संस्करण आयोजित करेगा, जो खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जाएगा।

खेलों की संख्या और प्रकार

2030 राष्ट्रमंडल खेलों में 15 से 17 खेल शामिल होने की संभावना है। इनमें शामिल होंगे:

  • एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स
  • तैराकी और पैरा तैराकी
  • टेबल टेनिस और पैरा टेबल टेनिस
  • बाउल्स और पैरा बाउल्स
  • भारोत्तोलन और पैरा पावरलिफ्टिंग
  • कलात्मक जिमनास्टिक्स, नेटबॉल और मुक्केबाजी

अहमदाबाद ने पिछले एक दशक में खेल बुनियादी ढांचे में भारी प्रगति की है। स्टेडियम, ट्रेनिंग सेंटर और एथलीट गांव जैसी सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है।

केंद्रीय खेल मंत्री की प्रतिक्रिया

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और इसे “गौरवपूर्ण क्षण” बताया। उन्होंने कहा कि भारत बड़े आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम है और आने वाले वर्षों में शीर्ष पांच खेल राष्ट्रों में शामिल होगा। 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने लगभग 70,000 करोड़ रुपये खर्च किए थे। 2030 खेलों से भारत के लिए न केवल खेल विकास बल्कि वैश्विक छवि और आर्थिक अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

इस मेजबानी से भारत की ओलंपिक मेजबानी की महत्वाकांक्षा को भी बल मिलेगा। अहमदाबाद में आयोजित ये खेल देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देंगे, युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा और वैश्विक स्तर पर भारत की खेल क्षमताओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

 

Leave a comment