टी20 विश्व कप में गत चैंपियन भारत ने अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए नीदरलैंड को 17 रन से हराकर लगातार 12वीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप चरण का समापन शीर्ष स्थान पर किया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: शिवम दुबे की शानदार बल्लेबाजी और वरुण चक्रवर्ती की धारदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने नीदरलैंड को 17 रन से हराया। गत चैंपियन भारतीय टीम ने इस जीत के साथ ग्रुप चरण का समापन अजेय रहते हुए किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवर में सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप में लगातार 12वीं जीत दर्ज की और 2024 से टूर्नामेंट में अपनी अजेय बढ़त कायम रखी।
दुबे की विस्फोटक पारी से भारत ने खड़ा किया बड़ा स्कोर
![]()
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर बिना खाता खोले आउट हो गए, जिससे भारत शुरुआती दबाव में आ गया।
मध्यक्रम में शिवम दुबे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला। दुबे ने 31 गेंदों में 66 रन बनाए, जिसमें छह छक्के और चार चौके शामिल थे। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक रही। उन्होंने हार्दिक पांड्या (21 गेंद में 30 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
जब दोनों बल्लेबाज क्रीज पर आए, तब भारत 110 रन पर चार विकेट गंवा चुका था। अंतिम पांच ओवरों में टीम ने 75 रन जोड़कर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली। नीदरलैंड की ओर से लोगान वान बीक ने 56 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए।
![]()
वरुण की फिरकी से टूटा नीदरलैंड का सपना
194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड टीम की शुरुआत धीमी रही। पावरप्ले में टीम ने एक विकेट पर 36 रन बनाए। मैक्स ओडौउड को छठे ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने बोल्ड किया। इसके बाद माइकल लेविट और कॉलिन एकरमैन ने कुछ आकर्षक शॉट खेले, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।
नीदरलैंड के लिए बास डि लीडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि नोह क्रोस (नाबाद 25) और जैक लियोन कैशे (26) ने सातवें विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी कर मुकाबले को रोमांचक बनाया। इसके बावजूद टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजों को अपनी स्पिन के जाल में फंसाया। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।











