अमेरिका के कुख्यात अपराधी जैफ्री एप्सटीन से जुड़ी फाइलों में नोबेल विजेता वैज्ञानिक जेम्स वॉटसन की तस्वीरें सामने आई हैं। न्याय विभाग ने इसे आपराधिक प्रमाण नहीं माना, लेकिन यह वैज्ञानिक जगत और मीडिया में विवाद का विषय बन गई।
Epstein File: अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जैफ्री एप्सटीन से जुड़ी फाइलों में नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक जेम्स वॉटसन की तस्वीरें सामने आई हैं। ये तस्वीरें न्यूयॉर्क स्थित एप्सटीन के घर की बताई जा रही हैं, जिसमें वॉटसन तीन युवतियों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने इन तस्वीरों में दिखाई गई गतिविधियों को किसी आपराधिक प्रमाण के रूप में नहीं माना है, फिर भी उनका सामने आना विवाद का कारण बना है।
वॉटसन का नाम एप्सटीन फाइलों में इस तरह सामने आने के बाद वैज्ञानिक जगत और मीडिया में नई बहस शुरू हो गई है। तस्वीरों में युवतियों के चेहरे ब्लर किए गए हैं। तस्वीरों की तारीख स्पष्ट नहीं है, लेकिन उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इन्हें 2010 के दशक के बीच या उसके आखिरी वर्षों की माना जा रहा है।
जेम्स वॉटसन की वैज्ञानिक उपलब्धियां
जेम्स वॉटसन दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित जीव वैज्ञानिकों में गिने जाते हैं। उन्होंने 1953 में डीएनए की दोहरी कुंडली (डबल हेलिक्स) संरचना की खोज की थी, जिसने आधुनिक जेनेटिक्स के क्षेत्र में क्रांति ला दी। इस खोज के लिए वॉटसन और उनके सहयोगी फ्रांसिस क्रिक को 1962 में मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार दिया गया।
![]()
डीएनए की संरचना समझ आने के बाद आनुवांशिकी और जैविक अनुसंधान में व्यापक बदलाव आए। वॉटसन के योगदान ने जेनेटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी और चिकित्सा विज्ञान में नई दिशाएं खोली। उनके जीवन और काम का प्रभाव आज भी वैज्ञानिक शोध और शिक्षा में महसूस किया जाता है।
वॉटसन का निधन 2025 में 97 वर्ष की आयु में हुआ। उनकी मृत्यु के बाद अब उनका नाम एप्सटीन से जुड़ी फाइलों में आने से यह विवाद फिर से चर्चा में है।
एप्सटीन के घर में वॉटसन की तस्वीरें
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में वॉटसन को एप्सटीन के न्यूयॉर्क स्थित घर में तीन युवतियों के साथ खड़ा दिखाया गया है। तस्वीरों में एक युवती के हाथ में एक दस्तावेज है, जिसका शीर्षक है 'Stopping Incurable Cancers Through Eliminating Their Anti-Oxidansts'।
रिपोर्ट्स के अनुसार, वॉटसन ने जनवरी 2013 में इसी विषय पर एक पेपर प्रकाशित किया था। हालांकि दस्तावेज और पेपर के नाम में कुछ अंतर है। तस्वीरों के माध्यम से यह पता चलता है कि एप्सटीन और वॉटसन के बीच किसी न किसी रूप में संपर्क था, लेकिन घर के अंदर की यह पहली तस्वीरें हैं।
न्याय विभाग का रुख
अमेरिकी न्याय विभाग ने तस्वीरों को सार्वजनिक किया है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि इनमें कोई आपराधिक गतिविधि नहीं दिखती। दस्तावेजों और तस्वीरों का उद्देश्य केवल तथ्य सामने लाना है, न कि वॉटसन को किसी अपराध में दोषी ठहराना।
![]()
एप्सटीन की जेनेटिक्स में रुचि
जैफ्री एप्सटीन को मानव जीनोम और जेनेटिक्स में विशेष दिलचस्पी थी। उनके वैज्ञानिक और निजी दोनों संपर्कों में यह रुचि झलकती थी। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि एप्सटीन 'सेलेक्टिव ब्रीडिंग' जैसे विवादित विचारों में रुचि रखता था।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, एप्सटीन ने न्यू मैक्सिको स्थित अपने रैंच में ऐसी योजना पर चर्चा की थी, जिसमें महिलाओं को गर्भवती करके उनके जीन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाना था। इसके लिए उन्होंने स्पर्म बैंक बनाने की भी योजना बनाई थी। इस प्रकार के विचार और योजनाएं समाज में और वैज्ञानिक समुदाय में आलोचना का कारण बनी हैं।
वॉटसन के विवादित बयानों का इतिहास
जेम्स वॉटसन लंबे समय से विवादों में रहे हैं। 2007 में उन्होंने नस्ल और बुद्धिमत्ता पर दिए गए विवादित बयान के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। 2019 में एक डॉक्यूमेंट्री में उन्होंने पुराने विचारों को दोहराया, जिसके बाद उनके मानक वैज्ञानिक पद और सम्मान को नुकसान पहुंचा।













