रूस ने पाकिस्तान के साथ अंतरिक्ष तकनीक, सैटेलाइट नेविगेशन और मानव अंतरिक्ष मिशन में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई है। विशेषज्ञ इस प्रस्ताव को भारत, रूस और पाकिस्तान के बदलते रणनीतिक संबंधों से जोड़कर देख रहे हैं।
इस्लामाबाद: अंतरिक्ष के क्षेत्र में चीन के साथ मिलकर काम कर रहे पाकिस्तान को अब रूस से भी सहयोग का प्रस्ताव मिला है। रूसी ऊर्जा मंत्री सर्गेई त्सिविलेव ने मॉस्को में आयोजित दोनों देशों के अंतरसरकारी आयोग की बैठक के दौरान अंतरिक्ष तकनीक और अनुभव साझा करने की इच्छा जताई है। रूस की ओर से यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब मोहम्मद जीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले पाकिस्तान के पहले नागरिक बन गए हैं।
पाकिस्तान को किन क्षेत्रों में मदद देगा रूस?
बुधवार, 25 नवंबर को मॉस्को में रूस और पाकिस्तान के बीच व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग से जुड़े अंतरसरकारी आयोग की 11वीं बैठक हुई। इसमें रूसी ऊर्जा मंत्री सर्गेई त्सिविलेव और पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्री अवैस अहमद खान लेघारी ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान त्सिविलेव ने कहा कि रूस सैटेलाइट नेविगेशन, संचार तकनीक, पृथ्वी की रिमोट सेंसिंग और मानव अंतरिक्ष उड़ान से जुड़े क्षेत्रों में पाकिस्तान के साथ अपना अनुभव साझा करने के लिए तैयार है।
अंतरिक्ष सहयोग से जुड़े दस्तावेजों का मसौदा भी तैयार किया गया है। हालांकि, तकनीक हस्तांतरण और संयुक्त अंतरिक्ष परियोजनाओं को लेकर विस्तृत कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है।
चीन के सहयोग से पाकिस्तान ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
पाकिस्तान के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए यह सप्ताह खास रहा है। मोहम्मद जीशान अली ने चीन के शेनझोउ-24 मिशन के जरिए अंतरिक्ष की यात्रा की है। वह चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री भी बने हैं। 40 वर्षीय जीशान के साथ इस मिशन में दो चीनी अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। जीशान को वैज्ञानिक प्रयोगों से जुड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। चीन के साथ अंतरिक्ष सहयोग बढ़ाने के बीच रूस से मिला प्रस्ताव पाकिस्तान के लिए नए अवसर खोल सकता है।
क्या भारत को कोई संदेश देना चाहता है रूस?
![]()
पाकिस्तान और रूस के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर विदेश नीति के विशेषज्ञ अलग-अलग राय रखते हैं। कुछ विशेषज्ञ इसे दक्षिण एशिया में रूस के बदलते रणनीतिक हितों से जोड़कर देख रहे हैं। COMSATS के कार्यकारी निदेशक डॉ. इश्तियाक अहमद का मानना है कि पिछले कुछ दशकों में भारत और अमेरिका के बीच मजबूत हुए रणनीतिक संबंध भी रूस की पाकिस्तान के प्रति बढ़ती दिलचस्पी की एक वजह हो सकते हैं।
उनके अनुसार, पाकिस्तान के साथ संबंध बेहतर करके मॉस्को नई दिल्ली को कूटनीतिक संदेश देने की कोशिश कर सकता है। हालांकि, रूस ने अंतरिक्ष सहयोग के अपने प्रस्ताव को भारत के साथ किसी नाराजगी से नहीं जोड़ा है। इसलिए इसे फिलहाल एक विशेषज्ञ की राय के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
पाकिस्तान को कैसे फायदा पहुंचा सकता है रूसी सहयोग?
अंतरिक्ष विज्ञान में रूस का अनुभव कई दशक पुराना है। साल 1961 में तत्कालीन सोवियत संघ के यूरी गगारिन अंतरिक्ष में जाने वाले दुनिया के पहले इंसान बने थे। रक्षा मामलों के विश्लेषक सैयद मोहम्मद अली के मुताबिक, पाकिस्तान अंतरिक्ष तकनीक के लिए काफी हद तक चीन पर निर्भर रहा है। रूस के साथ सहयोग बढ़ने से पाकिस्तान को सैटेलाइट लॉन्च, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, डेटा शेयरिंग, नेविगेशन और संयुक्त अनुसंधान के क्षेत्र में नए विकल्प मिल सकते हैं। इससे पाकिस्तान को अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए दूसरे तकनीकी साझेदार तलाशने में भी मदद मिल सकती है।










