‘बिग बॉस 20’ के दर्शकों के लिए इस हफ्ते का ‘वीकेंड का वार’ काफी खास रहने वाला है। पूरे सप्ताह घर में हुए अलग-अलग टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स के बीच मतभेद और आपसी तनाव देखने को मिला।
Bigg Boss 20 Weekend Ka Vaar: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इस सप्ताह रिश्तों की खटास, तीखी बहस और विवादों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। घर में रीति तिवारी, काजी और उदिती के बीच हुए विवादों से लेकर डिस बैटल टास्क तक कई ऐसे पल देखने को मिले, जिन पर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई। अब वीकेंड का वार में शो के होस्ट सलमान खान इन घटनाओं पर घरवालों से सवाल करते नजर आएंगे। वहीं, बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की मौजूदगी इस एपिसोड को और खास बना सकती है।
रीति तिवारी के व्यवहार पर सलमान खान की नाराजगी
इस सप्ताह घर में आयोजित डिस बैटल टास्क के दौरान कंटेस्टेंट्स ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। टास्क के दौरान रीति तिवारी और काजी के बीच बहस ने खासा ध्यान खींचा। दोनों के बीच हुई नोकझोंक के बाद घर का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। वीकेंड का वार के प्रोमो में सलमान खान रीति तिवारी के टास्क के दौरान किए गए व्यवहार पर सवाल उठाते दिखाई देते हैं।
सलमान का फोकस सिर्फ रीति के रवैये पर ही नहीं, बल्कि दूसरे घरवालों की प्रतिक्रिया पर भी रहता है। वह इस बात को लेकर भी सवाल उठाते नजर आते हैं कि जब रीति का व्यवहार चर्चा में था, तब बाकी कंटेस्टेंट्स ने उसका खुलकर विरोध क्यों नहीं किया। ऐसे में दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि रीति सलमान की बातों का किस तरह जवाब देती हैं और आने वाले दिनों में इस विवाद का घर के समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।
गुल्लू को फिर मिली घर की कप्तानी

‘बिग बॉस 20’ में कैप्टेंसी का मुद्दा भी लगातार चर्चा में है। इस सीजन में जहां शुरुआत में घर के सदस्यों के बीच कप्तान बनने को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं अब घर में बने रहने की रणनीति भी उतनी ही महत्वपूर्ण हो गई है। गुल्लू ने एक बार फिर कैप्टेंसी टास्क में जीत हासिल कर घर की कमान अपने हाथ में ले ली है। इससे पहले भी वह कप्तान रह चुके हैं।
यानी यह शो में उनका दूसरा कैप्टेंसी कार्यकाल है। नई कप्तानी के साथ उनके सामने घर के सदस्यों के बीच संतुलन बनाए रखने और अलग-अलग गुटों को संभालने की चुनौती होगी। कैप्टन बनने के बाद गुल्लू के फैसले घर के दूसरे सदस्यों के साथ उनके रिश्तों को किस दिशा में ले जाते हैं, यह आने वाले एपिसोड में देखने को मिलेगा।
आम्रपाली दुबे ने एक्टर्स पर रखी अपनी राय
वीकेंड का वार में भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे भी घर के मुद्दों पर अपनी राय साझा करती दिखाई देंगी। घर में चल रहे विवादों और कंटेस्टेंट्स के व्यवहार को लेकर आम्रपाली ने एक्टिंग और कलाकारों से जुड़े मुद्दे पर अपनी बात रखी। प्रोमो में वह इस बात पर जोर देती नजर आती हैं कि घर में मौजूद सभी लोग किसी न किसी रूप में कलाकार हैं और एक्टिंग के क्षेत्र में किसी को छोटा या बड़ा नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने लीड रोल, छोटे किरदार, मिमिक्री और फुटेज जैसे मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
उनकी टिप्पणी घर में मौजूद कलाकारों के बीच चल रही बहस को एक नया एंगल दे सकती है। खासतौर पर तब, जब शो में कंटेस्टेंट्स के बीच लोकप्रियता और स्क्रीन फुटेज को लेकर भी अलग-अलग राय सामने आती रहती है।











