बिहार को 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए पटना में 12 और 13 जनवरी 2027 को ग्लोबल कन्वेंशन होगा। इसमें देश-विदेश के करीब 1500 विशेषज्ञ उद्योग, रोजगार, निवेश, शिक्षा और शहरी विकास पर चर्चा करेंगे।
पटना: बिहार के विकास को लेकर जनवरी में देश-विदेश के विशेषज्ञ एक मंच पर नजर आएंगे। राज्य सरकार 12 और 13 जनवरी 2027 को पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में 'ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार-2027' आयोजित करने जा रही है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने सोमवार को होटल मौर्या में सम्मेलन का आधिकारिक पोर्टल लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मकसद बिहार के लिए अगले दो दशकों की विकास योजना तैयार करना है।
उद्योग, रोजगार और शिक्षा पर होगी बड़ी चर्चा
बिहार में नए उद्योग कैसे लगें, युवाओं को अपने राज्य में रोजगार कैसे मिले और शहरों का विकास किस तरह किया जाए, सम्मेलन में इन सवालों पर खास ध्यान रहेगा। इसमें उद्योगपति, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, नीति निर्माता और विदेशों में रहने वाले बिहारी शामिल होंगे।
![]()
कार्यक्रम में औद्योगिकीकरण, निवेश, स्टार्टअप, शिक्षा और कौशल विकास के साथ टिकाऊ शहरी विकास पर बातचीत होगी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि में बदलाव, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और महिला उद्यमिता जैसे विषय भी चर्चा में शामिल रहेंगे।
उद्योग विभाग के सचिव और बिहार फाउंडेशन के सीईओ कुंदन कुमार के मुताबिक, सम्मेलन में उद्योग जगत और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों को साथ बैठकर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। इससे निवेश की संभावनाओं और राज्य की जरूरतों पर व्यावहारिक सुझाव सामने आ सकेंगे।
10 जनवरी से शुरू होगा विशेषज्ञों का मंथन
मुख्य सम्मेलन से दो दिन पहले यानी 10 और 11 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय रिसर्च फोरम आयोजित किया जाएगा। इसमें बिहार की आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों से जुड़े शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। विशेषज्ञ अपने अध्ययन के आधार पर बताएंगे कि राज्य किन क्षेत्रों में बेहतर काम कर सकता है।
इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी बिहार फाउंडेशन और इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट संभाल रहे हैं। नालंदा विश्वविद्यालय भी इसमें सहयोग कर रहा है।
सम्मेलन में अलग-अलग विषयों पर विशेष सत्र रखे जाएंगे, ताकि हर क्षेत्र की समस्याओं और संभावित समाधानों पर विस्तार से चर्चा हो सके।
प्रवासी बिहारियों को निवेश से जोड़ने की तैयारी
बिहार से बाहर रहने वाले लोगों की भागीदारी इस सम्मेलन का अहम हिस्सा होगी। सरकार चाहती है कि दूसरे राज्यों और विदेशों में काम कर रहे बिहारी अपने अनुभव, तकनीकी जानकारी और निवेश के जरिए प्रदेश की तरक्की में योगदान दें।
इसके लिए निवेश एवं अवसर डेस्क, स्टार्टअप पिच सत्र, प्रवासी बिहारी संवाद और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। महिला उद्यमियों के लिए अलग पवेलियन भी बनाया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के जरिए नए कारोबार शुरू करने वालों को उद्योग जगत के अनुभवी लोगों से मिलने का मौका मिलेगा। साथ ही बिहार में निवेश की संभावनाओं पर सीधी बातचीत हो सकेगी।
विजय चौधरी ने नीतीश कुमार के काम का किया जिक्र
पोर्टल लॉन्च के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले बड़ी संख्या में लोग बिहार छोड़कर बाहर बसना चाहते थे, लेकिन अब अपने राज्य में रहने और लौटने को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।
उन्होंने बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान की सराहना की। चौधरी के मुताबिक, नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए विकास की जो नींव रखी, मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसी काम को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 2007 में 'रिसर्जेंट बिहार' और 2012 में 'चेंजिंग बिहार' विषय पर सम्मेलन हुए थे। अब तीसरा आयोजन 'ट्रांसफॉर्मिंग बिहार' की थीम पर होगा।










