29 जून को बिहार में मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा। कोसी-सीमांचल के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट है, जबकि कैमूर, बक्सर और रोहतास में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
पटना: बिहार में रविवार, 29 जून को मौसम अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रंग दिखाएगा। जहां उत्तर और पूर्वी जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली की संभावना है, वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहने का अनुमान है।
कोसी-सीमांचल में भारी बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
![]()
इसके अलावा उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
कैमूर, बक्सर और रोहतास में हीटवेव का अलर्ट
बारिश के बीच दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिले भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। मौसम विभाग ने कैमूर (भभुआ), बक्सर और रोहतास में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के इस विपरीत स्वरूप के कारण लोगों को अपने-अपने जिले के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सावधानी बरतनी चाहिए।
अलग-अलग जिलों में रहेगा अलग तापमान
पश्चिम चंपारण, सीवान, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
अररिया, सुपौल और पूर्णिया जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं पटना, गया, बक्सर और भोजपुर सहित दक्षिण एवं दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन इलाकों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, आकाशीय बिजली के समय खुले मैदानों से दूर रहने और प्रशासन की ओर से जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।












