Piyush Goyal Egypt Visit: अगले हफ्ते मिस्र जाएंगे पीयूष गोयल, कारोबार बढ़ाने के लिए होगी अहम बैठकें

Piyush Goyal Egypt Visit: पीयूष गोयल कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ मिस्र जाएंगे। स्टार्टअप, फिनटेक, फार्मा और निवेश पर अहम बैठकें होंगी। जानें दौरे का एजेंडा।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल अगले सप्ताह कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ मिस्र जाने वाले हैं। वहां दोनों देशों के बीच निवेश और व्यापार बढ़ाने पर बातचीत होगी। भारत की नजर मिस्र के रास्ते अफ्रीका, अरब देशों और यूरोप के बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने पर है।

नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल अगले हफ्ते मिस्र के दौरे पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। उनके साथ भारतीय कारोबारियों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी काहिरा पहुंचेगा। इस यात्रा में भारतीय कंपनियों के लिए मिस्र में कारोबार के नए मौके तलाशे जाएंगे। दोनों देशों के बीच निवेश, तकनीक और उद्योग से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत होने की उम्मीद है। 

मिस्र की खास भौगोलिक स्थिति की वजह से भारत के लिए यह दौरा महत्वपूर्ण है। यहां से अफ्रीका और अरब देशों के साथ यूरोप के बाजारों तक भी पहुंच आसान हो सकती है।

काहिरा में किन मुद्दों पर बात करेंगे पीयूष गोयल?

पीयूष गोयल के मिस्र दौरे में व्यापार से जुड़ी कई बैठकों की तैयारी है। इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, वह वहां के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। मिस्र के प्रधानमंत्री के साथ भी उनकी बैठक होने की संभावना है। इन बैठकों में सबसे ज्यादा जोर इस बात पर रहेगा कि दोनों देशों की कंपनियां किन क्षेत्रों में साथ काम कर सकती हैं। खासकर स्टार्टअप, फिनटेक, दवा उद्योग, गाड़ियों के कलपुर्जे और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में कारोबार बढ़ाने के रास्ते तलाशे जाएंगे।

भारत के लिए मिस्र इतना महत्वपूर्ण क्यों है?

मिस्र उत्तर अफ्रीका में स्थित है, लेकिन उसकी भौगोलिक स्थिति उसे पश्चिम एशिया, अफ्रीका और यूरोप के बीच एक अहम कारोबारी केंद्र बनाती है। दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल स्वेज नहर भी मिस्र में है। यह लाल सागर को भूमध्य सागर से जोड़ती है और एशिया से यूरोप जाने वाले जहाजों को छोटा रास्ता उपलब्ध कराती है।

यही वजह है कि भारत मिस्र के साथ केवल सामान की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं रहना चाहता। भारतीय कंपनियां वहां उत्पादन इकाइयां लगाकर आसपास के देशों में अपना सामान भेजने की संभावनाएं भी देख रही हैं। मिस्र के कई अफ्रीकी, अरब और दूसरे व्यापारिक साझेदारों के साथ समझौते हैं। इनका फायदा भारतीय कंपनियों को मिल सकता है, हालांकि बाजार तक पहुंच संबंधित समझौतों और उनके नियमों पर निर्भर करेगी।

सितंबर में मिस्र के उद्योग मंत्री खालिद हाशिम और भारतीय राजदूत सुरेश के. रेड्डी के बीच भी औद्योगिक सहयोग पर बातचीत हुई थी। इसमें भारतीय निवेश बढ़ाने और स्वेज नहर आर्थिक क्षेत्र में नई औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा हुई थी।

Piyush Goyal Egypt Visit: अगले हफ्ते मिस्र जाएंगे पीयूष गोयल, कारोबार बढ़ाने के लिए होगी अहम बैठकें

मिस्र में भारतीय कंपनियों का 5.5 अरब डॉलर से ज्यादा निवेश

भारत और मिस्र के कारोबारी रिश्ते पहले से मजबूत हैं। काहिरा स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, मिस्र में 700 से ज्यादा भारतीय कंपनियां रजिस्टर्ड हैं। इनमें करीब 70 कंपनियां अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। इन कंपनियों का संयुक्त निवेश 5.5 अरब डॉलर से अधिक है। भारतीय कंपनियां वहां केमिकल, कपड़ा, कृषि, ऊर्जा, ऑटोमोबाइल और दूसरे उद्योगों से जुड़ी हुई हैं।

मिस्र में निवेश करने वाली प्रमुख भारतीय कंपनियों में टीसीआई सनमार, डाबर इंडिया, फ्लेक्स पी फिल्म्स और गोदरेज जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन कारोबारों के जरिए लगभग 40 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलता है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 6.5 अरब डॉलर रहा था। भारत मिस्र को पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग सामान, दवाएं और केमिकल जैसे उत्पाद निर्यात करता है।

रक्षा और विदेश नीति में भी बढ़ेगी साझेदारी

पीयूष गोयल की यात्रा को दोनों देशों के बीच होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों की एक बड़ी कड़ी माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले महीनों में मिस्र के रक्षा मंत्री के भारत आने की संभावना है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर का भी काहिरा दौरा प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले साल मिस्र जाने की योजना पर भी चर्चा हो रही है। साल 2027 में भारत और मिस्र के राजनयिक संबंधों के 80 वर्ष पूरे होंगे। इसी अवसर पर उच्चस्तरीय यात्रा आयोजित की जा सकती है।

भारत और मिस्र ने जून 2023 में अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्र का दौरा किया था। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी भी कई बार भारत आ चुके हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार बातचीत होती रही है।

Leave a comment