बिहारशरीफ में एक छात्रा से बातचीत करने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक घटना में बदल गया। सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगल कुआं मस्जिद के पास सोमवार की शाम बदमाशों ने दो सगे भाइयों को चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जख्मी भाइयों की पहचान बिहार थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला निवासी मोहम्मद परवेज के पुत्र मोहम्मद अली और मोहम्मद अरबाज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद अली नौवीं कक्षा का छात्र है और सोगरा हाई स्कूल में पढ़ता है। इसी स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से उसकी बातचीत होती थी। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों के बीच भाई-बहन जैसा रिश्ता था, लेकिन छात्रा के पक्ष के कुछ लोगों को इस बातचीत को लेकर गलतफहमी हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इस विवाद ने सोमवार की शाम हिंसक रूप ले लिया और अली को निशाना बनाकर हमला किया गया।
बताया जाता है कि छात्रा के पक्ष के सोनू नामक युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ अली को बातचीत करने के बहाने मोगल कुआं मस्जिद के पास बुलाया था। अली वहां पहुंचा तो शुरुआत में बातचीत सामान्य तरीके से हुई। उसे उम्मीद नहीं थी कि बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ जाएगा और उस पर हमला कर दिया जाएगा। आरोप के मुताबिक कुछ देर बाद वहां मौजूद छह से सात युवक गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और इसी दौरान पीछे से एक युवक ने चाकू निकालकर अली की पीठ पर वार कर दिया।
अली पर हमला होते देख वहां मौजूद उसका भाई मोहम्मद अरबाज बीच-बचाव करने पहुंचा। उस समय अरबाज दुकान पर था। भाई को चाकू लगने की जानकारी मिलने के बाद वह उसे बचाने के लिए आगे आया, लेकिन हमलावरों ने उसे भी नहीं छोड़ा। आरोप है कि बदमाशों ने अरबाज पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस वार से उसके हाथ में गहरा जख्म हो गया। कुछ ही देर में दोनों भाई घायल होकर मदद के लिए छटपटाने लगे। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
इसी बीच मौके पर पहुंचे दोनों भाइयों के चचेरे भाई जैद खान ने उन्हें हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उसने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को ऑटो से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई इस चाकूबाजी से परिवार के लोग परेशान हैं। विवाद की वजह छात्रा से बातचीत को लेकर हुई गलतफहमी बताई जा रही है। हालांकि पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका रही और हमला करने वाले सभी लोग कौन थे, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। छात्रा से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में युवक को बातचीत के बहाने बुलाया गया और फिर गाली-गलौज के बाद चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर लिया है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।











