ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और पूर्व यूथ विश्व चैंपियन अरुंधति चौधरी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल 2026 मुक्केबाजी टूर्नामेंट में दबदबा बनाया और कुल नौ स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत की मुक्केबाजी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिर से धाक जमा दी है। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और पूर्व यूथ विश्व चैंपियन अरुंधति चौधरी के नेतृत्व में भारत ने BOXAM Elite इंटरनेशनल 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनकर उभरा।
स्पेन में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में महिला मुक्केबाजों ने विशेष रूप से इतिहास रचा। भारत की सात महिला मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बनाई और सभी ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। 54 किग्रा भार वर्ग में तो खिताबी मुकाबला पूरी तरह भारतीय मुक्केबाजों के बीच ही खेला गया।
प्रतियोगिता का स्तर और भारतीय टीम की सफलता
BOXAM Elite 2026 में 20 देशों के 200 से अधिक मुक्केबाज हिस्सा ले रहे थे। यह टूर्नामेंट सीज़न की शुरुआत में ही उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय चुनौती के रूप में देखा गया। भारतीय टीम ने इस चुनौती का शानदार सामना किया। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, BOXAM Elite ने हमें वह अंतरराष्ट्रीय अनुभव दिया जिसकी हमें इस चरण पर आवश्यकता थी।
फाइनल मुकाबलों में शानदार सफलता हमारी तैयारी और कार्यक्रम की प्रगति को दर्शाती है। आने वाला वर्ष चुनौतीपूर्ण है और यह टूर्नामेंट हमारी तैयारियों के लिए बेहद अहम साबित हुआ।

महिला वर्ग में भारत का दबदबा
महिला वर्ग में भारत की शुरुआत मंजू रानी (48 किग्रा) और नीतु (51 किग्रा) ने स्वर्ण पदकों से की। दोनों ने स्पेन की मुक्केबाजों के खिलाफ स्पष्ट जीत दर्ज की। इसके बाद पूनम (54 किग्रा) ने कड़े मुकाबले में अपनी साथी प्रीति को हराकर खिताब अपने नाम किया। 60 किग्रा भार वर्ग में प्रिया और 70 किग्रा में अरुंधति ने यूक्रेन की मुक्केबाजों को 5-0 के स्पष्ट फैसले से हराया।
ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ने इंग्लैंड की मैरी-केट स्मिथ को 4-1 से हराया और अपने अनुभव का लोहा मनवाया। 80 किग्रा में नैना ने यूक्रेन की राइसा पिस्कुन को मात देकर महिला वर्ग में स्वर्ण पदकों की झड़ी पूरी की।
पुरुष वर्ग में भी भारत ने दर्ज की महत्वपूर्ण जीत
पुरुष वर्ग में भारत के मुक्केबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। सचिन (60 किग्रा) ने कनाडा के केओमा-अली अल अहमदियेह को 3-2 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। आकाश (75 किग्रा) ने कजाखस्तान के अमान कोंसबेगॉव को करीबी मुकाबले में 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, दीपक (70 किग्रा) और अंकुश (80 किग्रा) को क्रमशः कजाखस्तान और यूक्रेन के मुक्केबाजों के खिलाफ कड़े मुकाबलों में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।











