प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कई विदेश मंत्रियों से मुलाकात की। इनमें रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला और ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा शामिल थे।
BRICS: नई दिल्ली में आयोजित BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक साथ 10 से अधिक देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। इस उच्च स्तरीय कूटनीतिक कार्यक्रम में रूस, ईरान, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों के शीर्ष नेता शामिल हुए, जिनसे पीएम मोदी ने अलग-अलग बातचीत की।
प्रमुख नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें
इस मौके पर पीएम मोदी ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा और दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला सहित कई अन्य प्रतिनिधियों से बातचीत की। इन बैठकों में वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, क्षेत्रीय संघर्ष और कूटनीतिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सबसे महत्वपूर्ण चर्चा का विषय पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी ऊर्जा आपूर्ति पर संभावित प्रभाव रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, इस क्षेत्र में किसी भी तरह की अस्थिरता वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति को प्रभावित कर सकती है। भारत और अन्य BRICS देशों ने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि टकराव के रास्ते से।
![]()
‘ब्रिक्स फैमिली फोटो’ में दिखी एकता
बैठक के दौरान सभी सदस्य देशों और साझेदार राष्ट्रों के प्रतिनिधियों ने ‘BRICS फैमिली फोटो’ में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी सभी प्रमुख नेताओं के साथ एक मंच पर नजर आए, जो समूह की एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। यह आयोजन भारत की अध्यक्षता में हो रहा है, और इसे सितंबर में होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
बैठक के उद्घाटन सत्र में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि आज का वैश्विक परिदृश्य गंभीर भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक अनिश्चितताओं और तकनीकी बदलावों से गुजर रहा है। उन्होंने BRICS देशों से आग्रह किया कि वे इन चुनौतियों से निपटने के लिए व्यावहारिक और सहयोगात्मक समाधान खोजें। जयशंकर ने यह भी कहा कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं से अपेक्षा की जा रही है कि वे वैश्विक स्थिरता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
BRICS अब 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह बन चुका है, जो वैश्विक आबादी का लगभग 49.5 प्रतिशत, वैश्विक जीडीपी का लगभग 40 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का करीब 26 प्रतिशत हिस्सा प्रतिनिधित्व करता है।











